वीडियो: जन आक्रोश रैली में राहुल गांधी ने कहा, देश में नफरत को बढ़ावा दे रही मोदी सरकार

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित जन आक्रोश रैली में राहुल गांधी ने किसानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों के सामने बड़ी समस्या है और प्रधानमंत्री उनका एक रुपया कर्ज माफ नहीं कर रहे हैं।

user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा मोदी सरकार देश में नफरत फैला रही है, दलितों को मारा-पीटा जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मोदी जी ने कहा था कि 70 सालों में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, मुझे 60 महीने दो मैं देश बदल दूंगा। 60 महीनों में मोदी जी ने देश को बेरोजगारी दी, ‘गब्बर सिंह टैक्स’ दिया, छोटे दुकानदारों को खत्म किया, चीन के सामने खड़े नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि देश के संवैधानिक संस्थानों को बर्बाद किया जा रहा और पीएम मोदी चुप बैठे हैं। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के उन चार जजों का जिक्र किया जिन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश के लोकतंत्र को खतरे में बताया था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 4 जज देश से न्याय मांगते हैं, मोदी जी चुप रहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हम सच के साथ खड़े होते हैं और मोदी जी सत्ता के पीछे छिपे रहते हैं।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, “किसानों के सामने बड़ी समस्या है और मोदी जी उनका एक रुपया कर्ज माफ नहीं कर रहे हैं। मैं मोदी जी के पास किसानों का कर्ज माफ करवाने गया, लेकिन उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला।”

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “नीरव मोदी देश का हजारों करोड़ रुपये लेकर भाग गया और मोदी जी ने एक शब्द नहीं कहा।” राहुल गांधी ने कहा कि मोदी भ्रष्टाचार का विरोध करते हैं और कर्नाटक में उनके पीछे बीएस येदियुरप्पा खड़े होते हैं।

जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी जी ने कांग्रेस के बारे में झूठ फैलाया, अब सच बाहर आ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की शक्ति लोगों को दिखाई दे रही है, गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर राज्य में जान दी, सत्ता के लिए नहीं बल्कि सत्य के लिए। राहुल गांंधी ने मंच पर बैठे पंजाब के नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा, “पंजाब में पूछो बेअंत सिंह कौन थे, किसके लिए मरे, असम में कितने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दी। कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है, इसको मारो-पीटो यह नहीं डरने वाला।” अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने यह दावा किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत हासिल करेगी।

पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने उस वाकये का भी जिक्र किया, जिस वक्त उनके विमान में खराबी आ गई थी और वे खुद उस विमान में सवार थे। राहुल गांधी ने कहा “2-3 दिन पहले हम कर्नाटक जा रहे थे, हम हवाई जहाज में थे और अचानक हवाई जहाज 8 हजार फुट नीचे आ गया। मैंने सोचा, गाड़ी गई, तभी मेरे दिमाग में आया कि मैं कैलाश मानसरोवर की यात्रा करूंगा। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 12 मई को मतदान है। उन्होंने कहा, “कर्नाटक के चुनाव के बाद मुझे आपसे 10-15 दिन की छुट्टी चाहिए ताकि मैं कैलाश मानसरोवर जा सकूं।”

राहुल गांधी ने आगे कहा, “हमारी पार्टी में अलग-अलग राय होती है, सलमान खुर्शीद जी यहां बैठे हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने अलग राय दी थी, लेकिन मैं अलग राय देने वाले खुर्शीद जी की रक्षा करूंगा। राहुल गांधी ने आगे कहा आरएसएस और बीजेपी जैसी ताकतों से लड़ने के लिए एकजुट होना जरूरी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी में लीडरशिप की कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस में 18 साल से लेकर 80 साल तक के लोगों को सम्मान मिलेगा, जो आदर नहीं देगा, मैं उसपर कार्रवाई करूंगा” राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष और नरेंद्र मोदी कभी ऐसी बात नहीं कर सकते हैं, क्योंकि उनकी पार्टी में एक ही आदमी की चलती है। उन्होंने कहा, “बीजेपी में अरुण जेटली, आडवाणी, किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री की बात नहीं सुनी जाएगी, सिर्फ मोदी और शाह की सुनी जाएगी।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 29 Apr 2018, 4:12 PM