प्रियंका गांधी ने याद दिलाई उस रात की कहानी, जब पंडित नेहरू के बेड पर सो गया गार्ड

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नेहरू से जुड़ी एक स्मृति को ट्विटर पर शेयर किया। प्रियंका ने लिखा, ‘मेरे परनाना के बारे में मेरी पसंदीदा स्मृति वह है, जब वह सुबह 3 बजे काम से लौटे तो देखा कि उनके बिस्तर पर उनका बॉडीगार्ड सो रहा था।’

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का आज 130वां जन्मदिन है। पंडित नेहरू के जन्मदिन को देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है, क्योंकि उन्हें बच्चों से काफी लगाव था और उन्हें बच्चे चाचा नेहरू भी कहते हैं। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नेहरू से जुड़ी एक स्मृति को ट्विटर पर शेयर किया। प्रियंका ने लिखा, 'मेरे परनाना के बारे में मेरी पसंदीदा स्मृति वह है, जब वह सुबह 3 बजे काम से लौटे तो देखा कि उनके बिस्तर पर उनका बॉडीगार्ड सो रहा था। उन्होंने (नेहरू) गार्ड को कंबल ओढ़ाया और खुद बगल की कुर्सी पर सो गए।'

बता दें कि देश आज प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 130वीं जयंती मान रहा है। इस अवसर पर श्रद्धांजलि देने कई राजनेता शांति वन पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने शांति वन में पंडित नेहरू के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।


वहीं कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि पंडित नेहरू एक ऐसे आदमी थे जिन्होंने भारत की आजादी के लिए संघर्ष किया और ठोस लोकतंत्र के साथ एक आधुनिक देश की कल्पना की। कांग्रेस ने ट्विट कर कहा, नेहरू ने भारत को एक नया रास्ता दिखाया जिसकी बदौलत हम आज यहां हैं। आइए उनकी विरासत को कायम रखने की प्रतिज्ञा करते हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, उनकी जयंती पर, हम अपने पहले प्रधानमंत्री, एक राष्ट्रकर्मी, दूरदर्शी, विद्वान, संस्था के निर्माता और आधुनिक भारत के महान वास्तुकारों में से एक पंडित जवाहर लाल नेहरू का स्मरण करते हैं।


बता दें कि पंडित नेहरू का जन्म 14 नवंबर सन 1889 में हुआ था, उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के तौर पर भी मनाया जाता है। देश के पहले प्रधानमंत्री होने के साथ ही पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता भी कहे जाते हैं। देश की आजादी से लेकर आजाद भारत को समृद्ध बनाने तक में पंडित नेहरू का अहम योगदान रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 14 Nov 2019, 3:33 PM