यूपी विधानभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने रोका, पार्टी का आरोप- मनरेगा खत्म करने की साजिश रच रही BJP

प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने सख्ती बरती है। कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया है या नजरबंद किया गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत कई अन्य नेता पुलिस हिरासत में हैं।

कांग्रेस का यूपी विधानसभा घेराव (फोटो: @INCUttarPradesh)
i
user

नवजीवन डेस्क

केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को खत्म किए जाने और सरकार के कथित कुशासन के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विधान भवन के घेराव की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष मनीष हिंदवी ने 'पीटीआई—भाषा' को बताया कि 'मनरेगा बचाओ अभियान' के तहत और बीजेपी के कुशासन के खिलाफ विधान भवन का घेराव कर प्रदर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर से निकले लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने जब आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स ने उन पर बलप्रयोग किया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस प्रदर्शन कर रहे तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन ले गयी है।

मनीष हिंदवी का आरोप

हिंदवी ने बताया कि प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद किशोरी लाल शर्मा, कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।

उन्होंने बताया कि बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकलने से पहले ही उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। इसके अलावा रायबरेली, अमेठी तथा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस नेताओं को इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लखनऊ आने से रोके जाने की खबरें हैं।

हिंदवी ने बताया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार मनरेगा को खत्म कर सिर्फ उद्योगपतियों के लिये ही काम कर रही है और उत्तर प्रदेश सरकार में कुशासन चरम पर है।

कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा का आरोप

कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा, "हमारे प्रदेश कमेटी के आह्वान पर विधानसभा घेराव का हमारा कार्यक्रम है। पार्टी की ओर से मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू किया गया है। पुलिस ने विभिन्न जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है। उन्हें लखनऊ आने से रोका जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत जी राम जी' योजना मजदूरों के हक में नहीं है। इसका प्रचार बीजेपी की तरफ से उल्टा किया जा रहा है। इसीलिए हम लोग इसकी सच्चाई जनता के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। जनता के पास जब तक सही जानकारी नहीं होगी तब तक जनता जागरूक नहीं होगी। इसीलिए जनता को पहले जागरूक होने की जरूरत है।


केंद्र पर निशाना

कांग्रेस सांसद ने कहा कि सरकार ने इसे 60 और 40 प्रतिशत कर दिया है, जिससे कई राज्यों पर बोझ बढ़ गया है। कई राज्य ऐसे हैं जो 10 प्रतिशत भी नहीं दे पाते हैं, वे 40 प्रतिशत का कैसा योगदान करेंगे?

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि सरकार की योजना इस स्कीम को बंद करने की है। इसीलिए इन्होंने राज्य सरकारों पर बोझ बढ़ा दिया है, जो देश के लिए सही नहीं है। बीजेपी सरकार जिस तरह से काम कर रही है, उससे जनता के लिए आने वाले समय में परेशानी हो सकती है।

कई कांग्रेस नेता हिरासत में

प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने सख्ती बरती है। कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया है या नजरबंद किया गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू समेत कई अन्य नेता पुलिस हिरासत में हैं। यूपी के विभिन्न जिलों में भी कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को हाउस अरेस्ट या हिरासत में लिया गया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचने में कठिनाई हो रही है।


कांग्रेस का यह घेराव मुख्य रूप से मनरेगा बचाओ अभियान, महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था की स्थिति और अन्य जन-मुद्दों पर केंद्रित है। पार्टी ने कहा है कि वह सरकार के सामने अपनी मांगें मजबूती से रखेगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताएगी।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia