भारत पहुंचा कोरोना वायरस का नया और खतरनाक स्ट्रेन , 6 लोगों में पाया गया संक्रमण, इन शहरों में रह रहे ये लोग

कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन भारत भी पहुंच चुका है। यूके से लौटने वाले 6 लोगों में इसकी पुष्टि हुई है। जानकारों के मुताबिक म्यूटेंट कोरोना वायरस पहले से भी ज्यादा खतरनाक और जानलेवा हो सकता है।

फोटो : IANS
फोटो : IANS
user

नवजीवन डेस्क

लोगों की उम्मीद थी कि नए साल में कोरोना की वैक्सीन आ जाने से इस खतरनाक वायरस से छुटकारा मिल जाएगा, लेकिन उससे पहले यूके से आई खबर से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा गया है। बेहद खतरनाक बताया जा रहा कोरोना का यह नया स्ट्रेन लोगों में 70 फीसदी ज्यादा तेजी से फैलता है। इस खबर के बाद दुनिया के कई देशों ने यूके से आनेवाली उड़ोंनों पर बैन लगा दिया है। भारत ने भी ब्रिटेन से आने और जाने वाली फ्लाइट्स पर बैन लगा दिया है। लेकिन इन सब के बाद भी खबर है कि कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन भारत भी पहुंच चुका है। यूके से लौटने वाले 6 लोगों में इसकी पुष्टि हुई है।

कोरोना के इस नए रूप के बारे में जानकरों ने जो जानकारी दी है वो डराने वाला है। कहा जा रहा है कि म्यूटेंट कोरोना वायरस पहले से भी ज्यादा खतरनाक और जानलेवा हो सकता है। ब्रिटेन में नया स्ट्रेन मिलने के बाद कई शहरों में लॉकडाउन लगाना पड़ा है। ब्रिटेन वाले इस वायरस का केस जर्मनी में भी पाया गया है। भारत में भी ब्रिटेन से लौटने वाले लोगों को अलग क्वारंटीन किया जा रहा है।

फिलहाल भारत में 6 लोग कोरोना के इस नए रूप के शिकार बताए जा रहे हैं। उनमें से तीन बेंगलुरु, दो हैदराबाद और एक पुणे में पाया गया है। गौरतलब है कि पिछले एक महीने में यूके से करीब 33 हजार लोग भारत आए हैं। इनमें से लगभग 114 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। अभी अन्य लोगों की भी जानकारी इकट्ठी की जा रही है।


बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 16,432 मामले दर्ज किए गए, जो कि पिछले 6 महीनों में दर्ज किए गए दैनिक मामलों से सिर्फ 500 कम है। इतने कम मामले ऐसे समय में आए हैं जब केंद्र सरकार ने कहा कि यूनाइटेड किंगडम (यूके) से भारत आने वाले 6 यात्रियों में कोरोनावायरस के नए वैरिएंट का जीनोम मिला है। इसने सरकार की चिता बढ़ा दी है। नए मामलों के साथ देश में अब कोविड-19 के कुल मामले 1,02,24,303 हो गए। इसी दौरान देश में वायरस से 252 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,48,153 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को ये जानकारी दी।

इधर देश में कोरोना वैक्सीन का ड्राइ रन भी शुरू हो गया है। उम्मीद है कि जनवरी में टीकाकरण शुरू हो जाए। चार राज्यों के कुछ जिलों में वैक्सीन का ड्राइ रन कराया जा रहा है। आज इसका दूसरा दिन है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 29 Dec 2020, 12:59 PM