दिल्ली NCR में अब गर्मी दिखाएगी तेवर, 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है तापमान, तेज हवाओं के चलते AQI में सुधार

मौसम विभाग ने दिन में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान करीब 28.4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।

दिल्ली NCR में अब गर्मी दिखाएगी तेवर
i
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जिस रफ्तार से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में ठंडी हवाओं का दौर जल्दी समाप्त हो सकता है। लोग जल्दी ही गर्मी का एहसास करने लगेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.4 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के यह जानकारी दी।

दिल्ली NCR में अब गर्मी दिखाएगी तेवर

मौसम विभाग ने दिन में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान करीब 28.4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। 30 डिग्री सेल्सियस के आस पास तापमान के पहुंचने से लोगों को दिन में गर्मी का एहसास होगा जबकि रात का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहेगा।

यही नहीं 21 फरवरी से लेकर 26 फरवरी तक के मौसम का पूर्वानुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जारी कर दिया है, जिसके मुताबिक 21 फरवरी से लेकर 26 फरवरी तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का पूर्वानुमान है।


तेज हवाओं के चलते एक्यूआई में सुधार

हालांकि, तेज हवाओं के चलते राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार दर्ज किया गया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में प्रदूषण के स्तर में गिरावट आई है, जिससे लोगों को कुछ राहत महसूस हो रही है। 

हालांकि अभी भी अधिकांश स्थान ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी के बीच बने हुए हैं। गाजियाबाद में यूपीपीसीबी के चारों स्टेशन सक्रिय पाए गए। इंदिरापुरम का एक्यूआई 232, लोनी का 268, संजय नगर का 181 और वसुंधरा का 233 दर्ज किया गया। इनमें लोनी सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी के करीब पहुंच गया, जबकि संजय नगर अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहा।

 नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 199, सेक्टर-62 में 164, सेक्टर-1 में 213 और सेक्टर-116 में 194 रिकॉर्ड किया गया। सेक्टर-62 का स्तर सबसे कम रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है, जबकि सेक्टर-1 में 213 का स्तर ‘खराब’ श्रेणी की ओर इशारा करता है। दिल्ली में भी कई मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़े सामने आए हैं।

अलीपुर में एक्यूआई 189, आनंद विहार में 244, अशोक विहार में 224, आया नगर में 138, बवाना में 219, बुराड़ी क्रॉसिंग में 195, चांदनी चौक में 246, सीआरआरआई मथुरा रोड में 161, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 211 और डीटीयू में 189 दर्ज किया गया। इनमें चांदनी चौक (246) और आनंद विहार (244) सबसे अधिक प्रदूषित रहे, जबकि आया नगर (138) सबसे बेहतर स्थिति में रहा। 

मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कणों का फैलाव हुआ है, जिससे एक्यूआई में सुधार हुआ है। आने वाले दिनों में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तेज धूप खिलने की संभावना है। फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि हवा की गति कम होते ही प्रदूषण स्तर दोबारा बढ़ सकता है।

पीटीआई और आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia