देशभर में उल्लास के साथ मनाया जा रहा दिवाली का पर्व, PM मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा, सभी देशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों के दीपों से भारत रोशन हो उठे, हर आंगन में सुख, समृद्धि और मोहब्बत का उजाला फैले।

देशभर में दीपावली का पर्व बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दीपावली की दी शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।"
उन्होंने अपने संदेश में कहा, "दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। दीपावली भारत का एक प्रमुख और लोकप्रिय त्योहार है। यह अंधकार पर प्रकाश की, अज्ञान पर ज्ञान की, और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। देश के विभिन्न हिस्सों में हर्षोल्लास से मनाया जाने वाला यह त्योहार प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आगे लिखा, "इस दिन लोग अपने घरों में मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। आनंद और उत्सव का यह पर्व, आत्मचिंतन और आत्मसुधार का भी अवसर है। दीपावली पर जिस तरह एक दीपक से अनेक दीपक प्रज्वलित होते हैं उसी तरह हम समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उनके जीवन में खुशहाली ला सकते हैं।"
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा, "सभी देशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों के दीपों से भारत रोशन हो उठे, हर आंगन में सुख, समृद्धि और मोहब्बत का उजाला फैले।"
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरी ओर से सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाला यह त्योहार आपके जीवन को खुशियों से भर दे। सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भर जाए, यह मेरी हार्दिक कामना है।"
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने भी पोस्ट में लिखा, "प्रकाश और आनंद के महापर्व दीपावली पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। मैं भगवान श्री गणेश और देवी लक्ष्मी से प्रार्थना करती हूं कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।"
दीपावली को रोशनी का त्योहार कहा जाता है, जो अधर्म पर धर्म, अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। यह पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है, जहां लोग दीये और मोमबत्तियां जलाकर देवी लक्ष्मी की पूजा करते हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia