प्रख्यात साहित्यकार विष्णु खरे को ब्रेन हेमरेज, जीबी पंत अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

प्रसिद्ध कवि, पत्रकार और हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष विष्णु खरे को गंभीर ब्रेन हैमरेज के बाद बुधवार को दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने अगले 48 घंटे उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण बताए हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

हिंदी के प्रसिद्ध कवि, पत्रकार और हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष विष्णु खरे को बुधवार को ब्रेन हैमरेज के बाद दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। देर शाम को उनकी कुछ मेडिकल जांच कराई गई, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद गुरुवार को कोई फैसला लिया जाएगा। अस्पताल के मुताबिक, विष्णु खरे के इलाज के लिए कई वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम बनाई गई है। उन्हें फिलहाल आईसीयू में रखा गया है, जहां न्यूरो सर्जरी विभाग के दो वरिष्ठ डॉक्टर लगातार उनके स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी तबीयत गंभीर बनी हुई है। उनकी तबीयत के बारे में अभी कोई जानकारी देना जल्दबाजी होगा। डॉक्टरों ने अगले 48 घंटे उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण बताए हैं।

हिंदी अकादमी के उपाध्यक्ष विष्णु खरे समकालीन साहित्यिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण चिंतक और विचारक के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उनकी चार दशक पुरानी सृजन यात्रा ने उनको साहित्य के आकाश पर स्थापित किया है। उन्होंने दुनिया के कई महत्वपूर्ण और बड़े कवियों की कविताओं का संकलन और अनुवाद का अहम काम भी किया है। हिंदी अकादमी का उपाध्यक्ष बनने के बाद से दिल्ली में रह रहे विष्णु खरे को नाइट ऑफ द व्हाइट रोज सम्मान, हिंदी अकादमी साहित्य सम्मान, शिखर सम्मान, रघुवीर सहाय सम्मान, मैथिलीशरण गुप्त सम्मान से नवाजा जा चुका है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 12 Sep 2018, 10:40 PM