फानी तूफान से अब तक 41 की मौत, बिजली आपूर्ति अब भी बाधित

फानी तूफान से ओडिशा में मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। ओडिशा के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति अब भी बाधित है। चक्रवात की वजह से पुरी में भारी तबाही हुई है। इस वजह से बिजली व्यवस्था की मरम्मत होने में 12 मई तक या उससे भी अधिक वक्त लग सकता है।

फोटो: आईएएनएस
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

ओडिशा में चक्रवाती तूफान फानी से मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। इसके साथ ही भीषण गर्मी में बिजली की आपूर्ति न होने से लोगों की हालत और भी दयनीय हो गई है। राज्य सूचना और जनसंपर्क सचिव एस. के सिंह ने मीडिया को बताया कि तूफान में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है।

स्पेशल रिलीफ कमिशनर (एसआरसी) कार्यालय के अनुसार, आपदा की चपेट में आए पशुओं की संख्या करीब 21,769,98 है। राज्य प्रशासन सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र पुरी और खुर्दा जिले के कुछ हिस्से सहित भुवनेश्वर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने को लेकर अभी भी संघर्षरत है। वहीं बढ़ता तापमान लोगों पर कहर बरसा रहा है।

एस. के सिंह ने बताया, "भुवनेश्वर में 10 मई तक करीब 80 प्रतिशत बिजली व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद है। वहीं पूरे शहर में 12 मई तक बिजली की आपूर्ति सुचारू हो पाएगी।" उन्होंने बताया कि चक्रवात की वजह से पुरी में भारी तबाही हुई है। इस वजह से बिजली व्यवस्था की मरम्मत होने में 12 मई तक या उससे भी अधिक वक्त लग सकता है।

चक्रवाती तूफान की वजह से कई बिजली टावर ध्वस्त हो गए हैं। चंदका, बिदनासी, समाग्रा, मेंधाशाला में चार 220 केवी ग्रिड और पुरी, नीमपाड़ा, मंचेश्वर, रणसिंहपुर में चार 132 केवी ग्रिड ध्वस्त हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि, इसके अलावा 5,030 किलोमीटर 33 केवी लाइन, 38,613 किलोमीटर 11 केवी लाइन, 11,077 वितरण ट्रांसफॉर्मर्स और 79,485 किलोमीटर एलटी लाइन चक्रवात में क्षतिग्रस्त हुए हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia