भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, राहुल बोले- मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो!

तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा किए गए 'भारत बंद' के समर्थन में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकता भी उतरे हैं। इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी नेता प्रियंका गांधी ने ट्विटर के जरिए मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

फोटो: IANS
i

तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा किए गए 'भारत बंद' के समर्थन में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकता भी उतरे हैं। इस बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी नेता प्रियंका गांधी ने ट्विटर के जरिए मोदी सरकार पर निशाना साधा है और कृषि कानून के मसले पर घेरा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत बंद के समर्थन में ट्वीट किया, उन्होंने लिखा मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो। सभी देशवासी जानते हैं कि #आज_भारत_बंद_है. इसका सम्पूर्ण समर्थन करके हमारे अन्नदाता के संघर्ष को सफल बनाएं।

वहीं प्रियंका गांधी ने भी किसानों के भारत बंद के समर्थन में ट्वीट कर लिखा कि जो किसान अपनी मेहनत से फसल उगाकर हमारी थालियों को भरता है, उन किसानों को बीजेपी सरकार अपने अरबपति मित्रों की थैली भरने के दबाव में भटका हुआ बोल रही है। ये संघर्ष आपकी थाली भरने वालों और अरबपतियों की थैली भरने वालों के बीच है। आइए, किसानों का साथ दें।


अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता किसानों के समर्थन में सड़क पर उतरे हैं। दिल्ली कांग्रेस ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में आयकर कार्यालय (आईटीओ) चौक के पास किसानों के समर्थन में प्रदर्शन किया। पार्टी इकाई के प्रमुख चौधरी अनिल कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विकास मार्ग पर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने तीनों कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने चौधरी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों ने तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग करते हुए भारत बंद का आह्वान किया है। शनिवार को किसान नेताओं की सरकार के साथ पांचवें दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। अब अगले दौर की बातचीत बुधवार दोपहर को होगी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए