कृषि कानूनों के विरोध में अवॉर्ड लौटाने राष्ट्रपति भवन जा रहे थे 30 खिलाड़ी, पुलिस ने रोका

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ हजारों किसान दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के आंदोलन को कई तबकों का समर्थन मिल रहा है। फिल्म जगत से लेकर खेल की दुनिया के कई हस्ती भी किसानों के समर्थन में आए हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

रवि प्रकाश @raviprakash24

केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ हजारों किसान दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के आंदोलन को कई तबकों का समर्थन मिल रहा है। फिल्म जगत से लेकर खेल की दुनिया के कई हस्ती भी किसानों के समर्थन में आए हैं। आज (सोमवार) कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ी कृषि कानूनों के विरोध में अपना अवॉर्ड वापस करने राष्ट्रपति भवन जाना चाह रहे थे, लेकिन इन सभी को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया।

किसानों के आंदोलन के समर्थन में अब तक करीब 30 मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों ने कहा है कि नए कृषि कानूनों को वापस लिया जाए, नहीं तो वो अपना सम्मान वापस लौटा देंगे। पहलवान करतार सिंह के मुताबिक, अभी 30 खिलाड़ी मार्च कर राष्ट्रपति को अपना सम्मान लौटाने जा रहे हैं, लेकिन पंजाब और अन्य इलाकों से कुछ और खिलाड़ी भी ऐसा करना चाहते हैं।


गौरतलब है कि कृषि कानून के खिलाफ कई लोग अपना अवार्ड वापस कर चुके हैं। सबसे पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण सम्मान लौटाया, उसके बाद कुछ लेखकों की ओर से साहित्य अकादमी अवॉर्ड लौटाया गया।

बता दें कि कुछ दिन पहले ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंद्र सिंह भी किसानों को समर्थन करने सिंधु बॉर्डर पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा था कि अगर केंद्र सरकार ये कानून वापस नहीं लेती है तो वो अपना खेल रत्न वापस लौटा देंगे। विजेंद्र सिंह से पहले रेसलर द ग्रेट खली ने भी किसानों का समर्थन किया था और दिल्ली में प्रदर्शन करने की बात कही थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia