खामेनेई की मौत के बाद देश के इलाकों में प्रदर्शन, यूपी बंद का ऐलान, श्रीनगर में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं बंद

मौलाना यासूब अब्बास ने आयत उल्लाह अली खामेनेई की शहादत पर तीन दिन के शोक का आह्वान भी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों की छतों पर काले झंडे फहराएं और शोक के प्रतीक के तौर पर काले कपड़े पहनें।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद देश के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और कई दूसरे शहरों में लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इसे रोकने के लिए पूरे राज्य में सख्त प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।

बंद का ऐलान

उधर लखनऊ में बंद का ऐलान किया गया है। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने आयत उल्लाह अली खामेनेई की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूरी दुनिया के शिया मुसलमानों के लिए गहरा आघात बताया है।

मौलाना यासूब अब्बास ने आयत उल्लाह अली खामेनेई की शहादत पर तीन दिन के शोक का आह्वान भी किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों की छतों पर काले झंडे फहराएं और शोक के प्रतीक के तौर पर काले कपड़े पहनें।

मौलाना यासूब अब्बास ने यह भी घोषणा की कि लखनऊ के ऐतिहासिक बड़ा इमामबाड़ा और छोटा इमामबाड़ा को अगले तीन दिनों तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। मौलाना ने कहा कि यह समय शोक और एकजुटता दिखाने का है, ताकि दुनिया को यह संदेश दिया जा सके कि शिया समुदाय अपने नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़ा है।


श्रीनगर में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं बंद

यूपी के अलावा जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों से विरोध प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं। श्रीनगर में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय अगले दो दिनों तक बंद रहेंगे। प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को 2 और 3 मार्च को बंद करने का आदेश दिया है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने क्या कहा?

वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। मैंने सभी समुदायों से शांति और संयम बनाए रखने का आह्वान किया।" साथ ही, उन्होंने स्थिति को संभालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की तारीफ की है।


मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का बयान

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह "ईरान में घट रही घटनाओं को लेकर बेहद चिंतित हैं, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या भी शामिल है।"

खामेनेई की मौत के बाद श्रीनगर शहर के कई इलाकों में नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। सैदा कदल इलाके और कुछ अन्य स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने इजरायल विरोधी और अमेरिका विरोधी नारे लगाते हुए शांतिपूर्ण मार्च निकाला। लाल चौक पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी काले झंडे लेकर ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए एकत्र हुए। 

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia