गुजरात: 'गाय पर वोट मांगते हैं लेकिन गायों के प्रति सम्मान नहीं', लंपी वायरस के मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा

कांग्रेस प्रभावित लोगों को चार लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रही है, साथ ही गौवंश की मौत के लिए चरवाहों को मुआवजा देने की भी मांग कर रही है।

फोटो: IANS
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

कांग्रेस विधायकों ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा से वॉकआउट किया और उन लोगों को मुआवजा देने की मांग की, जिनके मवेशी लंपी वायरस से प्रभावित हुए हैं। इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, जिसे खारिज कर दिया गया।

विपक्ष के वरिष्ठ विधायक पुंजा वंश ने लंपी वायरस का मुद्दा उठाया और सदन में इस मुद्दे पर बहस के लिए समय की मांग की, जिसे स्पीकर ने अस्वीकार कर दिया। विरोध में विपक्ष ने सदन का वॉकआउट किया।

विधायक पुंजा वंश ने आरोप लगाया कि मई में राज्य में लंपी वायरस फैल गया, तब से अब तक लाखों गायों की मौत हो चुकी है, "असंवेदनशील सरकार शवों को ठिकाने लगाने में भी संवेदनशीलता दिखाने में विफल रही है।"


कांग्रेस प्रभावित लोगों को चार लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग कर रही है, साथ ही गौवंश की मौत के लिए चरवाहों को मुआवजा देने की भी मांग कर रही है। विधायक पुंजा वंश ने कहा, "आजकल एक गाय की कीमत 25,000 रुपये से 2 लाख रुपये के बीच होती है। जो परिवार पूरी तरह से पशुपालन पर निर्भर हैं, वे गायों की अचानक मौत से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। उनकी आजीविका प्रभावित हुई है और उनको जीवित रहने के लिए मुआवजा दिया जाना चाहिए।"

वाव विधायक जेनिबेन ठाकोर ने आरोप लगाया कि जब तक लंपी वायरस पर काबू नहीं पाया जाता, सरकार को मवेशियों को बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। ठाकोर ने कहा, "सत्तारूढ़ दल गाय पर वोट मांगता है लेकिन गायों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता दिखाने में विफल रही।"

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia