गुजरात में बजट सत्र के बीच विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पीयूष वांडा ने बताया कि ईमेल में विधानसभा परिसर में बम रखे जाने का दावा किया गया, जिसके बाद सभी कर्मचारियों और विधायकों को परिसर खाली करने के लिए कहा गया।

गुजरात में बजट सत्र के बीच विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी
i
user

नवजीवन डेस्क

गुजरात में बजट सत्र के तहत सदन की कार्यवाही शुरू होने से कुछ ही देर पहले बुधवार को विधानसभा परिसर में बम रखे होने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

डीएसपी ने क्या कहा?

पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पीयूष वांडा ने बताया कि ईमेल में विधानसभा परिसर में बम रखे जाने का दावा किया गया, जिसके बाद सभी कर्मचारियों और विधायकों को परिसर खाली करने के लिए कहा गया।

उन्होंने बताया कि बजट सत्र के तहत सदन की कार्यवाही सुबह नौ बजे शुरू होनी थी, लेकिन सुबह 8:45 बजे अधिकारियों को इस धमकी के बारे में पता चला।

डीएसपी ने कहा, ‘‘ईमेल के माध्यम से बम की धमकी की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और विस्फोटक पदार्थों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।’’

उन्होंने बताया कि अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।


एक घंटे देर से शुरू हुई सदन की कार्यवाही 

सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को विधानसभा भवन के एक-एक कोने की गहन जांच की. लंबी तलाशी के बाद जब कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली तो बम की धमकी झूठी साबित हुई। सभी को क्लीन चिट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को सुरक्षित घोषित किया। इस वजह से सदन की कार्यवाही भी देश से शुरू हुई। जो सत्र सुबह 9 बजे शुरू होना था वह इस पूरे घटनाक्रम की वजह से एक घंटे की देरी से सुबह 10 बजे शुरू हो सका।

पीटीआई के इनपुट के साथ