देश में गुरु पर्व की धूम, मनाई जा रही है गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा पर लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी

आज पुरे देश में गुरुनानक देव जी की 550वीं जयंती मनाई जा रही है. गुरुपुरब के शुभ अवसर पर सुबह से ही गुरुद्वारों में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। वहीं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पूरे देश में आज कार्तिक पूर्णिमा, देव-दीपावली और गुरु पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है। श्री गुरु नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व आज धूमधाम से भारत समेत पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। इस बेहद खास मौके पर गुरुद्वारों को विशेष रूप से सजाया गया है। भारी संख्या में लोग गुरूद्वारों पहुंच रहे हैं। बता दें कि हिन्दी पंचांग में बताया गया है कि गुरुनानक देव जी का जन्म संवत् 1526 को कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुआ था। जबकि अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार गुरुनानक का जन्म 1469 में हुआ था। सिख इस दिन को प्रकाश पर्व के तौर पर मनाते हैं।

दिल्ली में गुरु नानक देव जी की जयंती के लिए गुरुद्वारा बंगला साहिब में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के नाम से विख्यात 'हरमंदर साहिब' सहित समेत पूरे हरियाणा और पंजाब के गुरुद्वारों में प्रार्थनाओं के लिए उमड़े हैं,नानक साहब का जन्मदिवस होने के कारण इस दिन को गुरु पर्व भी कहा जाता है। वहीं पीएम मोदी ने लोगों को गुरुपर्व की बधाई दी है।

राहुल गांधी ने गुरु नानक देव जी के 550 वीं जयंती प्रकाश पर्व की आप सब को हार्दिक बधाई दी है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरु नानक देव जी के जयंती पर कहा कि सेवा से बड़ा कोई सौदा (व्यापार) नहीं है। धर्म का मूल संदेश इंसानियत से प्रेम है। महिलाओं का सम्मान हमारा कर्तव्य है। जात-पात, ऊंच-नीच तोड़ो। पूरे विश्व में प्रकाश फैलाने वाली गुरूनानक देव की वाणी की आज हमारे देश को बहुत जरुरत है। आपको गुरु पर्व की शुभकामनाएं।


वहीं दूसरी ओर आज कार्तिक पूर्णिमा भी है। इस मौके पर मंगलवार को वाराणसी, हरिद्वार सहित कई हिस्सों में हजारों लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई है तो वहीं आज सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वालों का तांता लगा है। ऐसी मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से पिछले सारे पाप धुल जाते हैं और स्वास्थ्य अच्छा होता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 12 Nov 2019, 9:37 AM
/* */