करनाल में किसानों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, सीएम खट्टर को रद्द करना पड़ा दौरा
करनाल में किसानों के हंगामे के बीच सीएम मनोहर लाल खट्टर ने आज का यहां का दौरा रद्द कर दिया है। बता दें कि बड़ी संख्या में किसान हैलिपैड पर जम गए थे।

हरियाणा के करनाल में पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों पर लाठी चार्ज किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आज करनाल में एक कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे। लेकिन किसानों के विरोध की वजह से कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारें भी की। दरअसल, करनाल जिले के कैमला गांव में बीजेपी ने किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया था। यहां पर हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर किसानों के बातचीत करने वाले थे और उन्हें नए कृषि कानूनों का फायदा समझाने वाले थे। सीएम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते उससे पहले वहां पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे सैकड़ों किसान पहुंच गए। इस किसानों ने वहां काले झंड़े दिखाए और सीएम खट्टर के खिलाफ नारेबाजी की।
जिसके बाद सीएम मनोहर लाल खट्टर को अपना दौरा रद्द करना पड़ा है। बता दें कि बड़ी संख्या में किसान हैलिपैड पर जम गए थे।
हालांकि, करनाल जिले के कैमला गांव में भारी सुरक्षा तैनात की गई थी, जहां खट्टर 'किसान महापंचायत' को संबोधित करने वाले थे। पुलिस ने किसानों को बलपूर्वक खदेड़ा, इसके बावजूद उन्हें बैरिकेडिंग पार करते देखा गया।
भारतीय किसान यूनियन (चारुनी) से जुड़े किसानों ने मुख्यमंत्री खट्टर पर इस तरह की बैठकें करके किसानों को बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा, "'महापंचायत' आयोजित करने की क्या जरूरत थी, जब हजारों किसान पिछले 45 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हुए हैं और कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।"
करनाल के उपायुक्त निशांत यादव ने कहा कि अगर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि बीजेपी और उसके सहयोगी दल जेजेपी के कई नेता पिछले कई हफ्तों से विरोध प्रदर्शन का सामना कर रहे हैं। हाल ही में अंबाला में किसानों के विरोध प्रदर्शन के कारण खट्टर का काफिला भी बाधित हुआ था।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 10 Jan 2021, 4:01 PM
