'भगवंत मान की ईमानदारी का नकाब हाईकोर्ट ने उतारा', भ्रष्टाचार मामले की जांच CBI को सौंपने का कांग्रेस ने स्वागत किया

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार को आदेश दिया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को लिखे गए पत्रों से जुड़े मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए।

'भगवंत मान की ईमानदारी का नकाब हाईकोर्ट ने उतारा', भ्रष्टाचार मामले की जांच CBI को सौंपने का कांग्रेस ने स्वागत किया
i
  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी समेत कार्यालय से जुड़े लोगों पर भ्रष्टाचार का आरोप

  • पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने को कहा

  • कांग्रेस ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी समेत कार्यालय से जुड़े लोगों पर भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई को जांच सौंपने पर कांग्रेस ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। विपक्ष के नेताओं ने कहा कि पंजाब के सरकारी खजाने को लूटने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

कांग्रेस नेता बाजवा ने क्या कहा?

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं और उम्मीद करता हूं कि सीबीआई निष्पक्ष और तय समय-सीमा के भीतर जांच करेगी। पंजाब के सरकारी खजाने को लूटने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए, चाहे वे कितने भी ताकतवर क्यों न हों।"


क्या है मामला?

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार को आदेश दिया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को लिखे गए पत्रों से जुड़े मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए। कोर्ट ने यह फैसला वकील निखिल सराफ की ओर से दायर जनहित याचिका (पीआईएल) पर सुनाया।

गौरतलब है कि ईडी ने पंजाब के डीजीपी को तीन पत्र लिखकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप लगाए थे और उन पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। पंजाब पुलिस की ओर से मामला दर्ज न किए जाने के बाद हाईकोर्ट में यह जनहित याचिका दायर की गई थी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ