'जमीन नहीं बची तो ‘अंगद का पैर’ कहां रखेंगे', अखिलेश यादव का अमित शाह पर पलटवार
दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आयोजित रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्हें खुशी है कि काशी की जनता ने ‘डबल इंजन’ की सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग ‘अंगद का पैर’ कहने की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जब जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखेंगे।
दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन की ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आयोजित रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि उन्हें खुशी है कि काशी की जनता ने ‘डबल इंजन’ की सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया है।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘जब रामलीला मैदान में जनसभा होने जा रही थी तो उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कहा गया कि 1.27 लाख हिंदू भाइयों के वोट काट दिए गए हैं। यानी हर विधानसभा में 31 हजार वोट कम हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ने की कोशिश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान का हवाला देते हुए कटाक्ष किया, ‘‘जब नीचे जमीन नहीं बची है तो अंगद का पैर कहां रखेंगे।’’
शाह ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बीते 30 अक्टूबर को बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी की स्थिति की तुलना रामायण के पात्र अंगद के पैर करते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी अंगद का पांव है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। बीजेपी फिर से सरकार बनाने जा रही है, इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए।’’
अखिलेश ने कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश के जरिये सत्ता में आए लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, क्योंकि ‘यूपी वाले’ उन्हें करारा जवाब देकर विदाई देंगे।’’
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां चुनाव लूटा गया और चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराकर वोट डलवाए गए। उन्होंने कहा, ‘‘हम इंडिया गठबंधन के लोग रुकने वाले नहीं हैं। हम 2022 में सरकार नहीं बना पाए तो इसकी वजह यह चोरी है।’’
सपा प्रमुख ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग विश्वगुरु बनने की बात करते थे, वे मतदाता सूची में चोरी करते हैं। यादव ने कहा कि लोग लोकतंत्र को बचाने जा रहे हैं और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘रामलीला मैदान ‘लोकतंत्र की हल्दीघाटी’ बन गया है, नया इतिहास लिखा जा रहा है; ‘परिवर्तन’ कभी भी आ सकता है।’’
अखिलेश ने कहा, ‘‘ अगली पीढ़ी उन पर बरसाई गई हर लाठी और दिए गए हर जख्म का बदला लेगी, बीजेपी खुद को बचा नहीं पाएगी।’’
पीटीआई के इनपुट के साथ
