'छवि बचाने के हथकंडे नहीं चलेंगे, अमित शाह का इस्तीफा लें पीएम', खड़गे ने छात्रों के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा
मल्लिकार्जुन खड़गे ने 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर किए गए ‘‘बल प्रयोग’’ का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 10 दिन पहले सरकार ने युवाओं का ‘‘लाठी-डंडों और पैलेट गन से दमन’’ किया था।

दिल्ली में 20 जुलाई को पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर केंद्रीय बलों और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल मोदी सरकार पर हमलावर हैं और इस घटना के लिए गृहमंत्री को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इतना ही नहीं विपक्ष अमित शाह का इस्तीफा भी मांग रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर विद्यार्थियों के खिलाफ ‘‘बदले की भावना से कार्रवाई’’ करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अब गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा ले लेना चाहिए।
खड़गे ने 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर किए गए ‘‘बल प्रयोग’’ का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 10 दिन पहले सरकार ने युवाओं का ‘‘लाठी-डंडों और पैलेट गन से दमन’’ किया था।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे ने दावा किया कि जब छात्रों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया तो अब उन पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है और उन्हें जबरन हिरासत में लिया जा रहा है।
खड़गे ने कहा, ‘‘युवाओं ने आंदोलन इस शर्त पर वापस लिया कि उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अब सरकारें अपनी ही जुबान से पलट गई हैं।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि युवाओं के सोशल मीडिया खाते बंद कराए जा रहे हैं और बच्चियों की निजी जानकारी सार्वजनिक की जा रही है।
खड़गे ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह संसद के सदन में कदम तक नहीं रख सके और जवाबदेही संबंधी वक्तव्य देने से बचते रहे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अब ‘‘छवि बचाने के हथकंडे नहीं चलेंगे, युवा आपका सच जान चुका है।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा, ‘‘थोड़ी सी भी शर्म बची है तो अमित शाह का इस्तीफा लीजिए।’’
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
