मौसम लेगा करवट, 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी, जानिए दिल्ली, यूपी-बिहार समेत देशभर का हाल

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में 11 राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी, पूर्वी मध्य प्रदेश और बंगाल में बारिश, जबकि दिल्ली-यूपी-बिहार में तापमान बढ़ने का अनुमान है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई हिस्सों में जहां फरवरी के आखिरी हफ्ते में गर्मी ने दस्तक दे दी है। वहीं, अचानक बदलते मौसम ने नई चिंता खड़ी कर दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान 11 राज्यों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है।

इन 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 23 फरवरी से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।


पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी को बारिश की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और सिरमौर में बारिश हो सकती है। मनाली और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी संभव है। मनाली में अधिकतम तापमान 0 डिग्री और न्यूनतम माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

उत्तराखंड में 23 और 24 फरवरी को छिटपुट बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून और उत्तरकाशी में बारिश हो सकती है। 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य भारत और पूर्वोत्तर में बारिश

पूर्वी मध्य प्रदेश के रीवा, सतना, शहडोल, मंडला, बालाघाट और जबलपुर में 23 फरवरी को बारिश की संभावना है। तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। भोपाल में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी 23 फरवरी को बारिश संभव है।

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 23 और 24 फरवरी को गरज के साथ बारिश हो सकती है।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 23 से 26 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है।


दक्षिण और पूर्वी भारत का हाल

तेलंगाना में 23 और 24 फरवरी को गरज के साथ बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, 24 परगना, पूर्व-पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में भी हल्की बारिश की संभावना है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में बढ़ेगा तापमान

दिल्ली में 23 फरवरी को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। सुबह 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है और AQI 150 से नीचे जा सकता है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में 23 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। लखनऊ में अधिकतम 28 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मेरठ और गौतम बुद्ध नगर सहित कई जिलों में गर्मी बढ़ेगी।

बिहार में फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। पटना में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है।


गुजरात और राजस्थान का पूर्वानुमान

गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है, लेकिन अहमदाबाद में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल छा सकते हैं। तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।

सावधान रहने की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के उपाय करें। आम नागरिकों को भी बिजली गिरने और तेज आंधी के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है।

देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। कहीं, बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है तो कहीं तापमान में उछाल दर्ज हो रहा है। ऐसे में ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 23 Feb 2026, 8:58 AM