मौसम का बड़ा अलर्ट: यूपी-बिहार-एमपी समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश, 65 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार, एमपी समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश और 65 किमी/घंटा की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है।

देशभर में मौसम ने फिर से करवट ली है और भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 65 किमी/घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
14 राज्यों में अलर्ट, पूर्वी भारत में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी, बिहार, दिल्ली, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में तूफानी मौसम की आशंका है। खासकर पूर्वी भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
IMD ने लोगों को सतर्क रहने और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली-यूपी में बारिश और तेज हवाओं का दौर
दिल्ली-एनसीआर में 5 मई की बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली है, लेकिन 6 से 10 मई के बीच मौसम बदलता रहेगा। 6 मई को तापमान 36/21 डिग्री रह सकता है, जबकि 7 से 10 मई के बीच अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री तक जा सकता है। इस दौरान आंशिक बादल और बिजली कड़कने की संभावना बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश, गरज और तेज हवाओं का अलर्ट है। लखनऊ में तापमान 31/20 डिग्री रह सकता है। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और बलिया में आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी है, जबकि गोरखपुर, देवरिया, मथुरा और कन्नौज में ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिमी यूपी में 30-40 किमी/घंटा और पूर्वी यूपी में 40-60 किमी/घंटा तक हवाएं चल सकती हैं।
एमपी, बिहार और राजस्थान में भी खतरा
मध्य प्रदेश में अगले 24 घंटों में गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, बड़वानी, धार, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, सतना, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना और सागर समेत कई जिलों में असर दिखेगा।
बिहार में 8 मई तक तूफान, भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। पूर्वी चंपारण, गया और औरंगाबाद सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं।
राजस्थान में 6 से 11 मई के बीच आंधी-बारिश जारी रह सकती है। जयपुर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर में असर रहेगा, जबकि 8 से 11 मई के बीच जोधपुर और बीकानेर में तापमान 45-46 डिग्री तक जा सकता है।
झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब में अलर्ट
झारखंड में 6 से 9 मई तक बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी जारी रह सकती है। IMD ने 10 जिलों धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऋषिकेश में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। देहरादून में तापमान 28/18 डिग्री रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर, शिमला, कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी है, जबकि मनाली में तापमान 7/0 डिग्री रह सकता है।
पंजाब के होशियारपुर, रूपनगर, लुधियाना, कपूरथला, गुरदासपुर, मोहाली और पटियाला में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
