मौसम अपडेट: दिल्ली, यूपी, बिहार, एमपी समेत देश के 17 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 17 राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली, यूपी और बिहार में तेज हवाएं चलेंगी और पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहेगी।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

देशभर में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आज यानी 30 मार्च को बारिश की गतिविधियां चरम पर रहेंगी और आने वाले दिनों में देश के 17 राज्यों में मौसम खराब बना रह सकता है। दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है।

पिछले दो दिनों से राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन अब इसमें गिरावट आने की संभावना है। IMD के मुताबिक 30-31 मार्च के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। वहीं पूर्वी भारत में 2 अप्रैल तक तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत हैं।

17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 17 राज्यों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में 30-31 मार्च के दौरान ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत में भी अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जहां 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।


पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बदलेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। लाहौल-स्पीति जिले के सिस्सू में ताजा बर्फबारी से पूरा इलाका बर्फ की चादर में ढक गया है। IMD के अनुसार 30 मार्च को भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3-4 अप्रैल के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं।

दिल्ली-यूपी-बिहार में मौसम का असर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश में 30 और 31 मार्च को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसके साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में आंधी-तूफान जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है। वहीं 3 अप्रैल से फिर बारिश का दौर लौट सकता है। बिहार में 29 मार्च से 1 अप्रैल के बीच गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।


पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जो उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को फिर प्रभावित करेगा। लगातार बदलते मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia