मौसम अपडेट: उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 3-6 अप्रैल तक बारिश, ओले और तेज हवाओं का अलर्ट

देश के 22 राज्यों में 3-6 अप्रैल तक मौसम बदलेगा। IMD ने तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से तापमान बढ़ा हुआ था, लेकिन अब मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 2 से 5 अप्रैल के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 3 और 4 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का खतरा भी है।

हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में बर्फबारी और तेज हवाएं

IMD के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।


मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में भी अस्थिर मौसम

मध्य भारत के राज्यों में 6 अप्रैल तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी आंधी, बिजली और मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। IMD ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहेगा।

दिल्ली और यूपी में मौसम का असर

दिल्ली में 3 और 4 अप्रैल को हल्की बारिश और ओलावृष्टि के साथ तेज हवाओं की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश में भी 3 से 5 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 4 और 5 अप्रैल को यहां तेज बारिश और 50–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।


बिहार में भी तेज बारिश और आंधी का खतरा

बिहार में 5 और 6 अप्रैल को गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं (40–60 किमी/घंटा) के साथ बारिश का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में अस्थिर मौसम और आंधी का असर भी देखा जा सकता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia