मौसम अपडेट: 11 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और एमपी समेत देशभर का हाल

IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है। दिल्ली, यूपी और बिहार समेत 11 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

देशभर में अप्रैल की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बदला हुआ है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 11 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की रफ्तार बढ़ रही है और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होगी।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा भी जताया गया है।


दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत का हाल

दिल्ली-एनसीआर में 8 अप्रैल को येलो अलर्ट के तहत तेज हवाएं, बादल और बारिश की संभावना है। एक-दो बार आंधी-तूफान भी आ सकता है। 9 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 10 और 11 अप्रैल को मौसम साफ होने और तापमान 33-34 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में 8-9 अप्रैल के बीच आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, बरेली, बुलंदशहर, लखनऊ, कानपुर समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में 8 अप्रैल को पश्चिमी चंपारण, पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़ और चमोली समेत कई जिलों में 8-9 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और 60 किमी/घंटा की हवाएं चल सकती हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कांगड़ा, किन्नौर समेत कई जिलों में 8-10 अप्रैल के बीच मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में असर

राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के हिस्सों में 8-10 अप्रैल के बीच मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। जयपुर और शेखावाटी क्षेत्र में 30 से 50 मिमी तक बारिश हो सकती है। 9 अप्रैल के बाद अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और 10 अप्रैल से तापमान 3-4 डिग्री तक बढ़ सकता है।

मध्य प्रदेश के विदिशा, ग्वालियर, शिवपुरी, रीवा, सागर, छतरपुर समेत कई जिलों में 8-11 अप्रैल तक आंधी-तूफान, बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना में ओलावृष्टि की भी आशंका है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।


दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बदलेगा मौसम

हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में 8-10 अप्रैल के बीच हल्की बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री रहने का अनुमान है, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है।

महाराष्ट्र और गुजरात में 8-9 अप्रैल को गरज-चमक, बिजली और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 8 से 12 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। चेन्नई में मध्यम बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी। पश्चिमी घाट जिलों में 11-12 अप्रैल को मध्यम बारिश और डेल्टा क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दौरान तापमान में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी का अनुमान भी जताया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia