मौसम अपडेट: दिल्ली-UP-बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट, राजस्थान में हीटवेव, 17 राज्यों में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजस्थान समेत कई इलाकों में हीटवेव और भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है।

देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। एक तरफ उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, असम और नागालैंड समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह कई दिनों तक भीषण हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
दिल्ली-यूपी-बिहार में बारिश और तेज हवाओं का असर
दिल्ली-एनसीआर में 13 मई को कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी। IMD ने 14 मई को हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि 15 और 16 मई तक राजधानी का तापमान फिर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में 14 मई तक मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, शाहजहांपुर और शामली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है।
बिहार में 14 से 17 मई तक बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है। 16 मई को कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पटना, गया और भागलपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल में बर्फबारी तो राजस्थान में लू का कहर
हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मई को बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शिमला में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जबकि मनाली और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। धर्मशाला और मंडी में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दूसरी ओर राजस्थान में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। पश्चिमी राजस्थान में 15 मई तक और कुछ इलाकों में 18 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। जैसलमेर और बीकानेर में भीषण लू और गर्म रातों की चेतावनी दी गई है। जयपुर और अजमेर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि कोटा और उदयपुर के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
पंजाब में भी बदलेगा मौसम
पंजाब में 14 मई तक कई जिलों में मौसम बदला हुआ रह सकता है। अमृतसर, लुधियाना और जालंधर में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पटियाला और मोहाली में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। सीमावर्ती इलाकों में धूलभरी आंधी की भी आशंका जताई गई है।
