मध्य प्रदेश उपचुनाव: बीजेपी को करारी मात, दोनों सीट पर कांग्रेस की शानदार जीत

मध्य प्रदेश के मुंगावली विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी उम्मीदवार को 2124 वोटों से हरा दिया है। वहीं कोलारस सीट पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों कोलारस और मुंगावली में हुए उप-चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपना कब्जा बरकरार रखा है। कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव और मुंगावली में बृजेंद्र सिंह यादव ने जीत दर्ज की है। अशोकनगर के मुंगावली में कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी उम्मीदवार बाई साहब पर 2124 वोट के अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं शिवपुरी के कोलारस से कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी के देवेंद्र जैन पर 8086 वोट से जीत दर्ज की है। इस तरह दोनों सीट कांग्रेस की झोली में आ गई हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 19 दौर में पूरी हुई। मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र यादव ने बाई साहब पर 2124 की अंतिम बढ़त बना ली और जीत दर्ज की। कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव को 70808 वोट हासिल हुए, वहीं बीजेपी प्रत्याशी को 68684 वोट मिले।

इसी तरह शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव ने जीत हासिल की है। महेंद्र ने बीजेपी उम्मीदवार देवेंद्र जैन को 8086 वोटों के अंतर से परास्त किया। यादव को कुल 82518 वोट मिले, जबकि भाजपा के जैन को 73342 मत मिले।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों पर गौर करें तो एक बात साफ हो जाती है कि कोलारस में बीजेपी लगातार पीछे रही। वहीं मुंगावली में शुरुआत में बीजेपी आगे थी। उसके बाद पिछड़ी तो आगे नहीं निकल पाई। शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोक नगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई थी। कोलारस उपचुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में आमने-सामने थे।

मुंगावली सीट पर मिली जीत के बाद भोपाल के कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े बजा रहे हैं और एक-दूसरे के गले लगकर मिठाइयां खिला रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
भोपाल के कांग्रेस कार्यालय में जश्न मनाते कांग्रेस कार्यकर्ता

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 28 Feb 2018, 1:53 PM
/* */