मौसम अपडेट: दिल्ली-यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, देशभर में बदला मौसम

देश के 10 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली-यूपी-बिहार में राहत तो दक्षिण में भारी बारिश की चेतावनी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। आंधी, तूफान और बारिश के चलते दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। IMD ने 10 राज्यों में आंधी, बारिश और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं मध्य और दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियों के तेज होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

दिल्ली-यूपी-बिहार में बदला मौसम, अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में 30 अप्रैल को दिनभर अलग-अलग समय पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है, साथ ही हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हालांकि 1 और 2 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है, जब तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है।

उत्तर प्रदेश में भी आंधी-बारिश से राहत के आसार हैं। गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अमेठी, सोनभद्र, सुल्तानपुर, अलीगढ़ और फुरसतगंज में बारिश की संभावना जताई गई है। लखनऊ में अगले 24 घंटों में आंशिक बादल और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

बिहार में सभी 38 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी है। इनमें 19 जिलों में ऑरेंज और 19 जिलों में येलो अलर्ट है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश व आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।


राजस्थान-एमपी समेत कई राज्यों में उतार-चढ़ाव

राजस्थान में पूर्वी हवाओं और बादलों के चलते तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले 3-4 दिनों तक दोपहर बाद 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। मई के पहले सप्ताह में भी यह सिलसिला जारी रह सकता है।

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के साथ वायुमंडलीय बदलाव की स्थिति बनी हुई है। विदिशा, रायसेन, रतलाम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, सतना, दमोह और सागर में गर्मी का असर रहेगा, जबकि ग्वालियर, दतिया, भिंड, मोरेना, सिंगरौली और रीवा में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले तीन दिनों में तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट के बाद 2 मई के आसपास नए पश्चिमी विक्षोभ से फिर वृद्धि हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश का लंबा दौर

हिमाचल प्रदेश में 5 मई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। 3 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और 40 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में अलर्ट जारी है। कई जिलों में बारिश का यह दौर 5 मई तक जारी रह सकता है।


पंजाब-हरियाणा, पश्चिम और दक्षिण में अलग असर

पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री तक पहुंच सकता है और रात में भी राहत नहीं मिलेगी।

महाराष्ट्र और गुजरात में तापमान 38 से 41 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि समुद्री इलाकों में नमी के कारण उमस बढ़ सकती है। मुंबई और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

तमिलनाडु में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णागिरी समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 2 मई तक कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इसका कारण निचले वायुमंडल में बनी निम्न दबाव प्रणाली है, जो कर्नाटक से मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia