निगम अधिकारी को पीटने के बाद बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा, अब यही होगा- आवेदन, निवेदन फिर दे दनादन

नगर निगम के अधिकारियों की टीम एक जर्जर मकान तोड़ने के लिए आई थी। इस दौरान बीजेपी विधायक और नगर निगम अधिकारियों के बीच बहस बढ़ गयी। इसी बीच आकाश एक क्रिकेट बैट लेकर अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और अधिकारियों को पीटने लगे।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मध्य प्रदेश के इंदौर में बीजेपी विधायक और वरिष्ठ बीजपी नेता कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट बैट से नगर निगम के एक अधिकारी की जमकर पिटाई की। अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत अधिकारी इलाके में पहुंचे थे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडयो में देखा जा सकता है कि बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय सबके सामने क्रिकेट बैट से नगर निगम के अधिकारीयों की पिटाई कर रहे हैं।

दरअसल अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत नगर निगम के अधिकारियों की टीम एक जर्जर मकान को तोड़ने के लिए इलाके में पहुंची थी। इस दौरान बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय और नगर निगम अधिकारियों के बीच बहस बढ़ गयी। इसी बीच आकाश एक क्रिकेट बैट लेकर अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और नगर निगम के अधिकारियों को पीटना शुरू कर दिया।

गौरतलब है कि इंदौर-3 विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी आकाश ने कई विवादित टिप्पणियां की थीं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान आकाश के टिकट को लेकर भी काफी विवाद हुआ था।


बता दें कि आकाश के पिता कैलाश विजयवर्गीय बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और बंगाल के प्रभारी हैं। इसके अलावा कैलाश शिवराज सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इस बार लोकसभा चुनाव में कैलाश ने चुनाव न लड़ने का ऐलान किया था।

उधर इस मामले में कमलनाथ सरकार में मंत्री जीतू पटवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि विधायक आकाश के खिलाफ शिकायत दर्ज की गयी है और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।

वहीं निगम अधिकारी की पिटाई करने के बाद मीडिया से बात करते हुए आकाश ने कहा, ‘ये तो अभी बस शुरुआत है. हम गुंडाराज और को ऐसे ही ख्तम करेंगे। आवेदन, निवेदन और फिर दनादन। यही हमारे अभियान का नारा है।’

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 26 Jun 2019, 2:13 PM