‘इंडिया’ गठबंधन के मार्च में BJD भी शामिल, जयराम रमेश का BJP पर तंज, कहा- ‘भारतीय झूठ पार्टी’ की उल्टी गिनती शुरू

कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि ‘‘भारतीय झूठ पार्टी’’ की सत्ता से विदाई की उल्टी गिनती पहले ही शुरू हो चुकी है।

‘इंडिया’ गठबंधन के मार्च में BJD भी शामिल, जयराम रमेश का BJP पर तंज, कहा- ‘भारतीय झूठ पार्टी’ की उल्टी गिनती शुरू (फोटो: विपिन)
i

बीजू जनता दल (बीजेडी) के सांसदों ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सांसदों के विरोध मार्च में हिस्सा लिया। इस मार्च को राजधानी के संसद मार्ग पर रोक दिया गया।

इस बीच कांग्रेस ने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री-गृहमंत्री की जोड़ी’’ के कथित नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए विपक्ष की एकजुटता कायम रहेगी, चाहे मामला ‘‘वोट चोरी’’ का हो या परिसीमन का।

कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि ‘‘भारतीय झूठ पार्टी’’ की सत्ता से विदाई की उल्टी गिनती पहले ही शुरू हो चुकी है।

जयराम रमेश का बीजेपी पर तंज

कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर जाने वाले आज के विरोध मार्च में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद शामिल थे और इसे निर्वाचन सदन के पास आकाशवाणी भवन के सामने रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि बीजद के सांसद भी मार्च में शामिल हुए।

रमेश ने कहा कि अन्य विपक्षी दल भी निश्चित रूप से ‘‘भावना के स्तर पर’’ मौजूद थे और संभव है कि कुछ ऐसे दल भी रहे हों जो फिलहाल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री-गृहमंत्री (नरेन्द्र मोदी-अमित शाह) की जोड़ी के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए विपक्ष की एकजुटता निश्चित रूप से कायम रहेगी, चाहे मामला वोट चोरी का हो या परिसीमन का।’’

रमेश ने कहा, ‘‘भारतीय झूठ पार्टी की विदाई की उल्टी गिनती पहले ही शुरू हो चुकी है।’’


बीजेडी नेता ने क्या कहा?

विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं होने के बावजूद बीजद के सांसद भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। बीजद सांसद मानस मंगराज और सुलता देव ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

देव ने कहा, ‘‘बीजेडी विरोध मार्च में शामिल हो रहा है, लेकिन हमारे नेता नवीन पटनायक ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि हम न तो ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ हैं और न ही एनडीए के साथ। हम एक जिम्मेदार क्षेत्रीय राजनीतिक दल हैं।’’

‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों ने, जिनमें राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे, संसद भवन परिसर से निर्वाचन आयोग की ओर मार्च किया। पुलिस ने उन्हें संसद मार्ग पर रोक दिया।

इसके बाद सांसदों ने धरना दिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। बाद में कई सांसदों को हिरासत में लेकर बसों में वहां से ले जाया गया।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए