जम्मू-कश्मीर: निकाय चुनाव के आखिरी चरण के लिए मतदान, कड़ी सुरक्षा के बीच डाले जा रहे हैं वोट

जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शालीन काबरा ने कहा कि 308 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। दो शहरी निकायों के 37 वार्डों के लिए 156 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। सुबह हुई बारिश और ठंडी हवाएं चलने की वजह से कम संख्या लोग मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। श्रीनगर और गांदरबाल जिलों के 37 वार्डों में मतदान हो रहा है। मतदान प्रक्रिया सुबह 6 बजे शुरू हुई और यह शाम 4 बजे तक जारी रहेगी।

एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सुबह 10 बजे तक श्रीनगर में 1.5 फीसदी और गांदरबाल में 6.4 फीसदी मतदान हुआ।

जिन मतदान केंद्रों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के पहुंचने की उम्मीद है, वहां अतिरिक्त निर्वाचन कर्मचारियों की तैनाती की गई है। दोनों जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शालीन काबरा ने कहा कि 308 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। दो शहरी निकायों के 37 वार्डों के लिए 156 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। काबरा ने कहा कि म्यूनिसिपल कमेटी गांदरबाल के 12 वार्डो में 8,491 मतदाता हैं और यहां 38 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

श्रीनगर नगर निकाय में 24 वार्ड हैं और यहां 113 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यहां कुल 295 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। काबरा ने कहा, "श्रीनगर जिले के वार्ड संख्या 41 के मतदान केंद्र पर दोबारा वोटिंग हो रही है।"

निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पिछले तीन चरण में हुए निकाय चुनावों में 41.9 फीसदी मतदान हुआ। राज्य में आखिरी बार 2005 में निकाय चुनाव हुए थे। मतगणना 20 अक्टूबर को होगी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia