बिहार: जहानाबाद में छेड़छाड़ का शिकार हुई लड़की तक पहुंची पुलिस, सिहरन से भरी है लड़की की आपबीती

छेड़छाड़ की घटना के बाद से पीड़िता काफी सहमी हुई थी। उसने वारदात के बारे में अपने घरवालों को भी कुछ नहीं बताया था। पुलिस के लड़की के परिवार तक पहुंचने के बाद ही घरवालों इस घटना की जानकारी मिली।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नियाज़ आलम

बिहार के जहानाबाद में नाबालिग लड़की से सरेआम छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले की जांच कर रही पुलिस की विशेष टीम पीड़ित लड़की तक पहुंच गई है। आरोपी और पीड़िता सभी जहानाबाद के भरथुआ गांव के ही रहने वाले हैं। जहानाबाद के एसपी आशीष कुमार ने बताया कि लड़की नाबालिग है और मामले में अन्य धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।

पुलिस सूत्रों की मानें तो पीड़िता ने घटना के संबंध में जो कुछ बताया, वह बेहद भयावह है। छेड़छाड़ की घटना के बाद से पीड़िता काफी सहमी हुई थी। उसने वारदात के बारे में घरवालों को भी कुछ नहीं बताया था। पुलिस के लड़की के परिवार तक पहुंचने के बाद ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। पीड़िता के मुताबिक, वीडियो वायरल होने से तीन दिन पहले यानी 25 अप्रैल को उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी।

वारदात से एक दिन पहले 24 अप्रैल को पीड़िता अपनी सहेली के साथ स्टूडियो में फोटो खिंचवाने के लिए गई थी। फोटो खिंचवाने के दौरान सहेली का 24 वर्षीय दोस्त भी साथ ही था। वारदात वाले दिन लड़की अपने घर से कोचिंग गई थी। सुबह के साढ़े 10 बजे कोचिंग खत्म हुआ, इसके बाद पीड़िता की सहेली के दोस्त ने उसे बाइक से घर छोड़ने की बात कही। पीड़िता सहेली के दोस्त के साथ बाइक पर घर जाने के लिए तैयार हो गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घर छोड़ने के बजाय सहेली का दोस्त उसे सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की।

सुनसान जगह पर पीड़िता को उसकी सहेली के दोस्त के साथ एक दूसरे लड़के ने देख लिया। उस लड़के ने फोन कर मौके पर ही अपने 5 से 6 दोस्तों को बुला लिया। इसके बाद सभी लड़कों ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ की उसके कपड़े फाड़ दिए और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। पीड़िता की सहेली का दोस्त जो उसे वहां ले गया था, उसने बचाने की कोशिश की लेकिन वह छेड़खानी कर रहे लड़कों को रोकने में नाकाम रहा। काफी देर तक लड़की से छेड़छाड़ करने के बाद 5 से 6 लड़के पीड़िता को मौके पर ही छोड़कर चले गए। इसके बाद पीड़िता की सहेली के दोस्त ने फोन कर पीड़िता के लिए कपड़े मंगवाए। कपड़े बदलने के बाद पीड़िता को उसने घर ले जाकर छोड़ दिया।

पुलिस अब तक इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और बाकी के 7 आरोपियों की तलाश कर रही है। जहानाबाद के एसपी आशीष कुमार के मुताबिक, सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्दी ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 01 May 2018, 5:39 PM