झारखंड: रांची में सचिवालय घेरने निकले BJP कार्यकर्ताओं का हुड़दंग, बैरिकेड तोड़े, पुलिस पर फेंके खाली बोतलें

बीजेपी सांसद सुनील सिंह और विधायक बिरंची नारायण बैरिकेडिंग तोड़ सचिवालय परिसर में पहुंच गये, जहां उन्हें हिरासत में लिया गया है।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मंगलवार को रांची में सचिवालय का घेराव करने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन द्वारा लगाए गए कई बैरिकेड को तोड़ दिया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें की और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया। बीजेपी कार्यकतार्ओं ने भी पुलिस पर खाली बोतलें फेंकी। जिसके बाद पुलिस को लाठी चार्ज करनी पड़ी। इस घटना में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। कुछ मीडियाकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं रांची के एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि इलाके में धारा 144 लगी हुई है, लेकिन कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे आने की कोशिश की है। इसमें 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

प्रदर्शन में दो केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और अन्नपूर्णा देवी के अलावा झारखंड के सभी सांसद, विधायक भी शामिल हैं। हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ के नारे के साथ पूरे प्रदेश से हजारों कार्यकर्ता धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में इकट्ठा हुए। वहां से सचिवालय घेरने के लिए जुलूस की शक्ल में जब बीजेपी के कार्यकर्ता आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। बीजेपी सांसद सुनील सिंह और विधायक बिरंची नारायण बैरिकेडिंग तोड़ सचिवालय परिसर में पहुंच गये, जहां उन्हें हिरासत में लिया गया है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती कुजूर सहित सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।


बता दें कि झारखंड प्रदेश बीजेपी ने राज्य की हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, घोटाला और विभिन्न मोचरें पर विफलता का आरोप लगाते हुए आज सचिवालय घेरने का ऐलान किया था। इसके पहले रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में पूरे प्रदेश से आए हजारों कार्यकर्ता जुटे, जहां पार्टी के नेताओं ने उन्हें संबोधित किया।

इस जनसभा के बाद बीजेपी के नेता-कार्यकर्ता सचिवालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोका और फिर संघर्ष शुरू हो गया। इस प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सचिवालय और आसपास के क्षेत्रों में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर रखी थी और रास्ते में जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए थे। लेकिन बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने धारा 144 का उल्लंघन कर बैरिकेड तोड़ सचिवालय तक पहुंचे की कोशिश में लगे रहे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia