'झारखंड के एक और जननेता का इस तरह जाना बेहद दुखद', दिवंगत रामदास सोरेन को विधानसभा में दी गई अंतिम विदाई

राज्यपाल ने कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।

दिवंगत रामदास सोरेन को विधानसभा में दी गई अंतिम विदाई
i
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड के दिवंगत शिक्षा और निबंधन मंत्री रामदास सोरेन को शनिवार सुबह झारखंड विधानसभा में राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर समेत कई मंत्री, विधायक और सांसदों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल ने कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। रामदास सोरेन का शुक्रवार देर रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। उन्हें 12 दिन पहले ब्रेन स्ट्रोक के बाद गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था।


झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने रामदास सोरेन के निधन पर कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... मैं एक हफ़्ते पहले उनसे मिलने गया था... इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।"

55 वर्षीय सोरेन झारखंड सरकार में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता और निबंधन मंत्री थे। उनका पार्थिव शरीर सुबह 10 बजे दिल्ली से रांची पहुंचने के बाद सीधे विधानसभा परिसर ले जाया गया, जहां उन्हें राजकीय विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार दोपहर बाद पूर्वी सिंहभूम स्थित उनके पैतृक आवास में होगा। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि रामदास सोरेन न सिर्फ झारखंड आंदोलन के समर्पित सिपाही थे, बल्कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों-पिछड़ों के लिए समर्पित कर दिया था। उनके जाने से राज्य और जेएमएम में एक बड़ी रिक्तता आई है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।


झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि रामदास सोरेन का निधन प्रदेश की राजनीति एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि रामदास सोरेन का जाना अत्यंत दुखद है। बाबा वैद्यनाथ उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। झारखंड की पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रामदास सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके योगदान और जनसेवा को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य दें।


पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि ऐसा लगता है कि झारखंड पर कोई काला साया छा गया है। आदिवासी समाज से आने वाले रामदास सोरेन अपनी सरलता, सादगी और ईमानदार जीवनशैली के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि “झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन के निधन के दुख से राज्य अभी उबरा भी नहीं था कि एक और जननेता का इस तरह जाना बेहद दुखद है।”

बीजेपी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि सोरेन जमीन से जुड़े नेता थे और शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनका असमय निधन पूरे राज्य के लिए पीड़ादायी है। मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि रामदास सोरेन का जाना पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति थी। उनके जाने से जो रिक्तता आई है, उसे भर पाना मुश्किल होगा।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia