Karnataka Election: कर्नाटक में वोटिंग खत्म, पांच बजे तक 65.69 फीसदी मतदान, वीरप्पा मोइली का दावा कांग्रेस जीतेगी चुनाव

चुनाव संपन्न होने के साथ ही कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाने का दावा किया है। पार्टी नेता एम वीरप्पा मोइली ने कहा कि राजनीति में मेरे 55 वर्षों के अनुभव के अनुसार कांग्रेस पार्टी को पर्याप्त बहुमत मिलना चाहिए।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाते मतदाता।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाते मतदाता।
user

नवजीवन डेस्क

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बुधवार (10 मई 2023) को वोट डाले गए। राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों पर एकसाथ वोटिंग हुई। शाम पांच बजे तक 65.69 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खबर लिखे जाने तक चुनाव आयोग ने वोट कितने फीसदी पड़े हैं, इसके अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए हैं। कुछ घटनाओं को छोड़कर कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक कतार में खड़े लोगों को वोट डालने की अनुमति दी गई।

लंच के बाद कर्नाटक में 50 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ था। अपराह्न् 3 बजे तक 52.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। धीमी गति से शुरू हुए मतदान ने दिन चढ़ने के साथ रफ्तार पकड़ी और राज्य भर के हाई वोल्टेज वाले निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत 75 प्रतिशत को पार कर गया। विश्लेषकों का कहना है कि इस रुझान को देखते हुए अंतिम मतदान 75 फीसदी को पार कर जाएगा। यह राजनीतिक दलों के बीच कांटे की टक्कर का भी संकेत होगा।

शाम पांच बजे तक वरुणा सीट पर मतदान प्रतिशत 77.11 फीसदी पहुंच गया। यह उन सीटों में से एक है जहां से विपक्ष के नेता सिद्धारमैया और आवास मंत्री वी. सोमन्ना चुनाव लड़ रहे हैं। तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी मतदान हुआ। विराजपेट सीट पर मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 70.09 प्रतिशत तक पहुंच गया। जबकि मडिकेरी सीट पर 70.81 फीसदी मतदान हुआ।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुलिया में 70.01 फीसदी, पुत्तूर में 74.96 फीसदी, बंतवाल में 74.71 फीसदी और मैंगलोर में 70.2 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। मैंगलोर सिटी साउथ में 59.33 फीसदी, मैंगलोर सिटी नॉर्थ में 67.2 फीसदी, मूडबिद्री में 70.47 फीसदी और बेलथांगडी में 73.64 फीसदी मतदान हुआ।

उडुपी जिले के विधानसभा क्षेत्र करकल में 75.53 प्रतिशत, कापू में 75.18 प्रतिशत, उडुपी में 71.98 प्रतिशत, कुंडापुरा में 75.08 प्रतिशत और बिंदूर में 71.83 प्रतिशत मतदान हुआ।

चन्नपटना में 71.21 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और पूर्व बीजेपी मंत्री सीपी योगेश्वर चुनाव लड़ रहे हैं। कनकपुरा निर्वाचन क्षेत्र में 80.5 फीसदी मतदान हुआ है। यहां से कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार चुनाव लड़ रहे हैं।

बेंगलुरु की चामराजपेट में 49.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। शिकारीपुरा में 77.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस सीट से पूर्व सीएम बी.एस. येदियुरप्पा के बेट बी.वाई. विजयेंद्र चुनावी मैदान में हैं।

हुबली-धारवाड़ सेंट्रल में 58.67 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अठानी में 71.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इस सीट से पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव संपन्न होने के साथ ही कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाने का दावा किया है। पार्टी नेता एम वीरप्पा मोइली ने कहा कि राजनीति में मेरे 55 वर्षों के अनुभव के अनुसार कांग्रेस पार्टी को पर्याप्त बहुमत मिलना चाहिए। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनाएगी। यहां की जनता वर्तमान सरकार के खिलाफ है और वो इस सरकार को हटाना चाहती है।


वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता दिनेश गुंडू राव का दावा है कि राज्य में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 140 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।

कांग्रेस विधायक प्रियांक खड़गे ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आने वाली है, हम सरकार बनाने के बहुत करीब हैं। मुझे यकीन है कि 13 मई को मतगणना होने के बाद हम सरकार बनाएंगे।

कर्नाटक में मतदान के लिए 58,545 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियां इस चुनाव में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा कर रही हैं। अब 13 मई को मतों की गिनती की जाएगी, जिसके बाद यह स्पष्ट होगा कि राज्य में किस पार्टी की सरकार बनेगी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia