बड़ी खबर LIVE: लोकसभा स्पीकर को अधीर रंजन का पत्र- विपक्ष की आवाज दबा रहा सत्ता पक्ष, करें हिफाजत

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिख सत्ता पक्ष द्वारा सदन में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि स्पीकर विपक्ष का संरक्षक होता है, इसलिए आपसे आग्रह है कि सदन में विपक्ष के अधिकारों की हिफाजत करें।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

13 Dec 2019, 10:34 PM

पुलिस का दावा- जामिया में हालात काबू में, पत्थरबाजी में 12 पुलिस वाले घायल, 2 आईसीयू में भर्ती

नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे जामिया विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ पुलिस की झड़प को लेकर दिल्ली के साउथ ईस्ट जिला के डीसीपी चिन्मय बिस्वाल ने कहा है कि अब हालात काबू में हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके थे, जिसमें 12 पुलिस वाले जख्मी हो गए, जिनमें से 2 आईसीयू में भर्ती हैं।

13 Dec 2019, 9:42 PM

लोकसभा स्पीकर को अधीर रंजन का पत्र- विपक्ष की आवाज दबा रहा सत्ता पक्ष, करें हिफाजत

लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने स्पीकर ओम बिरला को एक पत्र लिखकर सत्ता पक्ष द्वारा सदन में विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा, “हम मानते हैं कि सदन विपक्ष का भी है, लेकिन आज विपक्ष की आवाज को सत्ताधारी पार्टी ने कुचल कर रख दिया है, जिसके आप खुद गवाह हैं। आप हमारे संरक्षक हैं, इसीलिए हमारा आपसे आग्रह है कि ऐसा माहौल सुनिश्चित करें, जिससे हमें कभी भी संसद के अंदर अपनी आवाज बुलंद करने से वंचित न होना पड़े।

13 Dec 2019, 9:22 PM

भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय में छात्रों का हंगामा, वीसी चैंबर के बाहर प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के छात्रों ने उप कुलपति के चैंबर के बाहर जमकर हंगामा किया। छात्रों की मांग है कि विश्वविद्यालय के दो विजिटिंग प्रोफेसर उनके साथ जातिगत भेदभाव करते हैं, इसलिए उन्हें सस्पेंड किया जाए। इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के साथ बातचीत के बाद जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है, जिसमें छात्रों को भी शामिल किया गया है।


13 Dec 2019, 8:06 PM

बिहार: जेडीयू के एमएलसी गुलाम रसूल बलावी ने नागरिकता कानून के विरोध प्रदर्शन में भाग लिया

13 Dec 2019, 7:42 PM

मध्य प्रदेश: एटीएस ने सिमी के सदस्यों को गिरफ्तार किया, लंबे समय से थे फरार

2006 के मुंबई बम धमाकों के बाद से फरार चल रहे प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिदीन के सक्रिय सदस्य अजीज को गुरुवार शाम खंडवा एटीएस ने बुरहानपुर के पाला बाजार से गिरफ्तार कर मुंबई एटीएस के हवाले कर दिया है। दूसरे को राजधानी दिल्ली के ओखला इलाके से गिरफ्तार किया गया है।


13 Dec 2019, 7:40 PM

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में पाक सेना की गोलीबारी में दो भारतीय जनाव घायल

13 Dec 2019, 7:35 PM

ममता ने लिया कानून-व्यवस्था का जायजा

पश्चिम बंगाल में नागरिकता कानून का भारी विरोध हो रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कानून-व्यवस्था का जायजा लिया है। ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री आवास पर बैठक बुलाई थी। मीटिंग में बंगाल के डीजी, एडीजी और कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।


13 Dec 2019, 7:14 PM

स्मृति के बयान पर सुरजेवाला का पलटवार- कुलदीप सेंगर, नित्यानंद पर जवाब दें

13 Dec 2019, 6:48 PM

केरल: नागरिकता कानून के खिलाफ सत्ता पक्ष और विपक्ष 16 दिसंबर को साथ में करेंगे प्रदर्शन


13 Dec 2019, 6:37 PM

जामिया में पुलिस और छात्रों के बीच हिंसक झड़प, 3 पुलिसकर्मी घायल

जामिया में नागरिकता कानून पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प में 3 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।

13 Dec 2019, 6:36 PM

जामिया में छात्रों पर लाठीचार्ज की तेजस्वी ने की निंदा


13 Dec 2019, 6:34 PM

जम्मू और कश्मीर: उधमपुर के पटनीटॉप में आज पहली बर्फबारी हुई

13 Dec 2019, 6:33 PM

दिल्ली: महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए महिला कांग्रेस का मार्च


13 Dec 2019, 6:24 PM

उत्तराखंड: कल पिथौरागढ़ में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे

उत्तराखंड: क्षेत्र में भारी वर्षा के पूर्वानुमान के मद्देनजर कल पिथौरागढ़ में सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।

13 Dec 2019, 5:59 PM

नागरिकता बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, पूर्वोतर सीमांत रेलवे ने रद्द की 106 यात्री ट्रेनें


13 Dec 2019, 5:47 PM

पश्चिम बंगाल: नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन, हावड़ा में रेलवे ट्रैक जाम किया

13 Dec 2019, 5:42 PM

उत्तराखंड: चमोली में भूकंप के झटके, रिक्टर पैमाने पर 4.4 थी तीव्रता


13 Dec 2019, 5:40 PM

दिल्ली: सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल गए

DMRC के मुताबिक, दिल्ली में सभी स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। सभी स्टेशनों में सामान्य सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं।

13 Dec 2019, 5:37 PM

नागरिकता संशोधन कानून पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लेंगे फैसला: एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के गृहमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे फैसला लेेंगे। उन्होंने कहा कि इस राज्य में सभी जाति, धर्म और भाषा के लोग रहते हैं। उन सभी को यह महसूस करना चाहिए कि यह सरकार उनकी है। हमारी सरकार एक मुक्त वातावरण बनाए रखेगी।


13 Dec 2019, 5:08 PM

नागरिकता कानून: मार्च कर रहे जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों और पुलिस के बीच झड़प

नागरिकता कानून के खिलाफ प्रोटेस्ट मार्च कर रहे जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों और पुलिस के बीच झड़प की खबर है। बता दें नागरिकता कानून पर जामिया के छात्र यूनिवर्सिटी कैंपस से संसद भवन तक मार्च करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

13 Dec 2019, 5:06 PM

स्वाति मालीवाल से अपनी भूख हड़ताल तोड़ने की अपील करता हूं: अरविंद केजरीवाल


13 Dec 2019, 5:01 PM

पश्चिम बंगाल: नॉर्थ 24 परगना में नागरिकता कानून का विरोध

पश्चिम बंगाल में नॉर्थ 24 परगना में जामियात उलेमा हिंद ने नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। गुमा में जेसोर रोड पर वे आज दोपहर 3 बजे सड़क पर उतरे और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

13 Dec 2019, 4:58 PM

महिलाओं के खिलाफ हिंसा में वृद्धि मानसिक विकृति का संकेत है: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “महिलाओं के खिलाफ हिंसा में वृद्धि मानसिक विकृति का संकेत है। इसलिए, हमने एक अभियान शुरू करने का फैसला किया है। हर स्कूलों और कॉलेजों में लड़कों को नियमित अंतराल पर शपथ दिलाई जाएगी कि वे किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार नहीं करेंगे। इससे लड़कों को उनकी जिम्मेदारियों को समझने में मदद मिलेगी।”


13 Dec 2019, 4:56 PM

देश में महिलाओं पर बढ़ते हुए अत्याचार के खिलाफ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

देश में महिलाओं पर बढ़ते हुए अत्याचार को देखते महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला, जो मंडी हाउस से लेकर जंतर-मंतर तक कांग्रेस महिला कार्यकर्ता विरोध कर रही है। इससे पहले कांग्रेस नेता सुष्मिता देव ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस मार्च का मूल उद्देश्य महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ उनकी आवाज को बुलंद करना है। देश में महिलाओं पर बढ़ते हुए अत्याचार को देखते हुए हम किसी एक व्यक्ति, किसी सरकार के खिलाफ ये मार्च नहीं निकाल रहे हैं, पर हम चाहते हैं कि देश की महिलाओं ने आजादी से पहले और आजादी के बाद आज तक जिस तरह हर फील्ड में उन्होंने साहस से काम किया है, हौसला बुलंद करके आगे बढ़ी हैं, उसी मोशन को आगे रखते हुए, ये एक ऑल वुमैन मार्च रहेगा और इस मार्च का हमने नाम रखा है – ‘I am Courage’, ‘मैं साहस हूं’।

उन्होंने आगे कहा कि हमें दुख है कि निर्भया कांड के बाद भी आज तक अगर हम देश के हालात को देखें, तो महिला सुरक्षा में ज्यादा परिवर्तन नहीं आया है।

13 Dec 2019, 4:43 PM

धधकते असम और सुलगते पुर्वोत्तर से घबराए गृह मंत्री अमित शाह, रद्द किया रविवार का शिलॉंग दौरा

नागरिकता संशोधन कानून के बाद धधक रहे असम और बुरी तरह सुलगते पूर्वोत्तर से घबराकरगृहमंत्री अमित शाह ने रविवार का अपना शिलॉंग दौरा रद्द कर दिया। वे नॉर्थ ईस्ट पुलिस एकेडमी में एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।


13 Dec 2019, 4:34 PM

पटेल चौक और जनपथ मेट्रो स्टेशन बंद किए गए, दिल्ली पुलिस की सलाह पर इन दोनों स्टेशनों पर नहीं रुकेगी ट्रेन

13 Dec 2019, 4:25 PM

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने नागरिकता संशोधन कानून पर चिंता जताई, कहा- बुनियादी तौर पर भेदभाव वाला

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यलाय ने भारत के नए नागरिकता संशोधन कानून पर चिंता जताई है। संयुक्त राष्ट्र ने इसे बुनियादी तौर पर भेदभाव वाला करार दिया है


13 Dec 2019, 3:59 PM

अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार का विनिवेश पर फोकस: सुब्रमण्यम

मुख्य आर्थिक सलाहकार केआर सुब्रमण्यन अर्थव्यवस्था पर प्रजेंटेशन देते हुए कहा कि सरकार की तरफ से लिये गए मेजर एक्शन से अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के लिए है। क्रेडिट गारंटी स्कीम के तहत सरकार ने 17 प्रस्ताव मंजूर किए। रिटेल लैंडिग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई फैसले लिए। एनबीएफसी के लिए सरकार ने कई कदम उठाए। 2 महीने में पीएसयू के 61 हजार करोड़ का कर्ज चुकाया।

13 Dec 2019, 3:55 PM

देश की आर्थिक स्थिति पर वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की प्रेस कांफ्रेंस, कहा- सभी सरकारी कंपनियों का बकाया चुकाने पर जोर

दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में वित्त मंत्री सीतारमण ने प्रेस कांफ्रेंस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कंपनियों का बकाया चुकाने पर जोर दिया गया है। निवेश बढ़ाने के लिए कॉरपोरेट टैक्सों में कटौती की गई।


13 Dec 2019, 3:52 PM

असम में 26 भारतीय सेना के कॉलम तैनात किए गए हैं

भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया है कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों का समर्थन करने के लिए असम में 26 भारतीय सेना के कॉलम तैनात किए गए हैं।

13 Dec 2019, 3:48 PM

बिगड़ती अर्थव्यस्था को लेकर वित्तमंत्री ने कहा- हमने सुधार के लिए कई कदम उठाए

बिगड़ती अर्थव्यस्था को लेकर वित्तमंत्री ने कहा कि हमने सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में वित्त मंत्री सीतारमण ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए जो सरकार कदम उठाए हैं, उनके नतीजे दिखने शुरु हो गए हैं। वित्तमंत्री सीतारमण के प्रेस कांफ्रेंस के दौरान वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और मुख्य आर्थिक सलाहकार केआर सुब्रमण्यम मौजूद हैं। मुख्य आर्थिक सलाहकार केआर सुब्रमण्यन इस समय अर्थव्यवस्था पर एक प्रजेंटेशन दे रहे हैं।


13 Dec 2019, 3:42 PM

नागरिकता का मुद्दा संविधान की 7वीं अनुसूची में आता है, ऐसा संशोधन सभी राज्यों पर लागू है: सरकारी सूत्र

सरकारी सूत्रों ने कहा कि पांच राज्यों जिन्होंने कहा है कि वे नागरिकता संशोधन कानून लागू नहीं करेंगे, उन्हें बता दें कि नागरिकता का मुद्दा संविधान की 7वीं अनुसूची में आता है। ऐसा संशोधन सभी राज्यों पर लागू है।

13 Dec 2019, 3:21 PM

दिल्ली: जामिया मिलिया इस्लामिया के स्टूडेंट्स का नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन

दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया के स्टूडेंट्स नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बता दें कि नागरिकता कानू के खिलाफ पूर्वोत्तर जल रहा है। कई दिनों से वहां हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं।


13 Dec 2019, 3:09 PM

जापान के पीएम का भारत दौरा रद्द तो ममता बनर्जी ने सरकार पर बोला हमला, कहा- यह देश के लिए काला धब्बा

जापान पीएम शिंजो आबे द्वारा अपने भारत दौरे को रद्द करने पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए काला धब्बा है। ऐसा मामना जा रहा है कि असम में नागरिकता संशोधन विधेयक को लेकर जारी हिंसक विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जापान प्रधानमंत्री शिंजो आबे की भारत यात्रा रद्द की है। हालांकि भारत सरकार ने इसे खारिज किया है और कहा कि दोनों देशों की आपसी सहमती से दौरा को शिफ्ट किया गया है। बता दें कि गुवाहाटी में 15-17 दिसंबर को तय भारत-जापान शिखर सम्मेलन होना था।

13 Dec 2019, 2:59 PM

सुप्रीम कोर्ट ने आम्रपाली रियल एस्टेट मामले को 16 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है

सुप्रीम कोर्ट ने आम्रपाली रियल एस्टेट मामले को 16 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है


13 Dec 2019, 2:53 PM

आंध्र प्रदेश विधानसभा ने दिशा बिल 2019 पास किया

आंध्र प्रदेश विधानसभा ने दिशा बिल 2019 पास किया। इसमें रेप या गैंगरेप के मामलों में 21 दिन में मौत की सजा का प्रवधान है।

13 Dec 2019, 2:51 PM

निर्भया केस पर बोले दिल्ली के सीएम केजरीवाल, कहा- दोषियों को जल्द से जल्द फांसी दी जाए

निर्भया केस पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं चाहता हूं कि दोषियों को जल्द से जल्द फांसी दी जाए, जो भी औपचारिकताएं बाकी हैं उन्हें तुरंत पूरा किया जाए।


13 Dec 2019, 2:51 PM

नागरिकता संशोधन कानून पर हमारा रुख कांग्रेस से अलग नहीं होगा: भूपेश बघेल, सीएम छत्तीसगढ़

13 Dec 2019, 2:48 PM

नागरिकता कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कांग्रेस नेता जयराम रमेश, कहा- यह विधेयक समानता के अधिकार का उल्लंघन करता है

नागरिकता कानून के खिलाफ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। जयराम रमेश ने अपनी याचिका में कहा है कि यह विधेयक समानता के अधिकार का उल्लंघन करता है।


13 Dec 2019, 2:12 PM

जापानी पीएम की भारत की प्रस्तावित यात्रा रद्द होने पर रवीश कुमार बोले- आपसी सहमति से यह दौरा रद्द

जापानी पीएम शिंजो आबे की भारत की प्रस्तावित यात्रा पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर बताया कि दोनों देशों की आपसी सहमति पर यह दौरा रद्द हुआ है। जल्द ही दोनों देशों के आपसी सहमति की तारीख पर उनका दौरा होगा।

13 Dec 2019, 2:11 PM

पालघर: अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में 7 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार


13 Dec 2019, 2:09 PM

नागरिकता संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस पार्टी ने जो भी रुख अपनाया है, हम उसका पालन करेंगे: कमलनाथ

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम पर कांग्रेस पार्टी ने जो भी रुख अपनाया है, हम उसका पालन करेंगे, क्या हम उस प्रक्रिया का हिस्सा बनना चाहते हैं जो विभाजन का बीज बोती है।

13 Dec 2019, 2:07 PM

जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट के चार न्यायाधीशों ने आज सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दायर की

जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट के चार न्यायाधीशों ने आज सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट दायर करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता एनाक्षी गांगुली द्वारा आरोप लगाया गया है कि आर्टिकल 370 हटाने के बाद घाटी में स्टेट अथॉरिटी द्वारा नाबालिगों को हिरासत में लिया गया था, यह पूरी तरह से गलत है।


13 Dec 2019, 2:04 PM

अलीगढ़ में सीएबी विरोधी प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सतर्क

नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में तनाव की स्थिति को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात कर दिया गया है। इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है। अलीगढ़ में नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध और जुमे को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से खासी सतर्कता बरती जा रही है।

अलीगढ़ के एडीएम सिटी राकेश मालपाणी ने बताया, “इंटरनेट सेवा गुरुवार रात 12 बजे से ही बंद कर दी गई है। यह रोक शुक्रवार शाम पांच बजे तक रहेगी। इसके अलावा शहर को 25 सेक्टरों में बांटा गया है। दो पालियों में 25-25 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। तहसील स्तर पर एसडीएम व सीओ को सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेट तैनात करने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि शांति मार्च निकालने के लिए जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है।”

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

13 Dec 2019, 1:58 PM

दिल्ली हाई कोर्ट ने जेएनयू से फैसले का उल्लंघन करने वाले छात्रों के अकेडमिक डीटेल्स मांगा

दिल्ली हाई कोर्ट ने जेएनयू को उन छात्रों के अकेडमिक डीटेल्स का उल्लेख करते हुए एफिडेविट फाइल करने को कहा जिनपर ऐडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के 100 मीटर के दायरे में विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का उल्लंघन करने का आरोप है।


13 Dec 2019, 1:52 PM

केरल: कोयट्टम में सीपीएम के नेता और कार्यकर्ता नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन

केरल के कोयट्टम में सीपीएम के नेता और कार्यकर्ता नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

13 Dec 2019, 1:42 PM

हम अपनी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की नीति का पालन करेंगे: बालासाहेब थोरात

नागरिकता कानून महाराष्ट्र में लागू करने के सवाल पर कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात ने कहा कि हम अपनी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की नीति का पालन करेंगे।


13 Dec 2019, 1:30 PM

असम: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स यूनियन ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ गुवाहाटी में प्रदर्शन किया

13 Dec 2019, 1:20 PM

राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है


13 Dec 2019, 1:15 PM

ब्रिटेन: आम चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी की बड़ी जीत

ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी ने शुक्रवार को आम चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को जहां जनादेश मिला है, वहीं विपक्षी लेबर पार्टी के लिए 1935 के बाद से यह सबसे खराब चुनाव परिणाम है। समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, कंजर्वेटिव ने हाउस ऑफ कॉमन्स में कुल 334 सीटों पर जीत दर्ज कर 74 सीटों का बहुमत हासिल किया है (45 सीटों का लाभ), क्योंकि दक्षिणपंथी पार्टी ने लेबर उम्मीदवारों के पारंपरिक गढ़ में सेंध लगा दी।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

13 Dec 2019, 12:58 PM

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला, कहा- नार्थ ईस्ट को जलाने समेत इन मुद्दों के लिए माफी मांगनी चाहिए

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि नार्थ ईस्ट को जलाने समेत इन मुद्दों के लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

1. नार्थ ईस्ट को जलाने के लिए।

2. भारत की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने के लिए।

3. उनकी भाषण की एक क्लिप मैं दे रहा हूं।


13 Dec 2019, 12:40 PM

जम्मू और कश्मीर: श्रीनगर में बर्फबारी हुई, देखें वीडियो

13 Dec 2019, 12:36 PM

हिमाचल प्रदेश: राष्ट्रीय राजमार्ग 5 वाहनों के आवागमन के लिए खोला गया


13 Dec 2019, 12:27 PM

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

13 Dec 2019, 12:24 PM

सबरीमाला मंदिर मामला: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- इस मामले के संबंध में समीक्षा याचिकाओं पर सुनवाई होगी

सबरीमाला मंदिर मामले में चीफ जस्टिस एसए बोबडे ने कहा कि पुनर्विचार याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट के 7 जजों की संविधान पीठ को भेजा गया है। कोर्ट ने याचिकाकर्ता फातिमा को कहा कि हम अभी कोई आदेश आपकी याचिका पर जारी नहीं कर करेंगे। चीफ जस्टिस ने कहा कि 2018 का सुप्रीम कोर्ट का आदेश अंतिम आदेश नहीं है, क्योंकि मामला अभी भी 7 जजों की संविधान पीठ के पास लंबित है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई तक दो महिलाओं-बिंदू अम्मीनी और रेहाना फातिमा को पुलिस सुरक्षा देने के निर्देश दिए है।

सीजेआई बोबडे ने कहा कि सबरीमाला मंदिर में एक निर्णय (महिलाओं के प्रवेश की अनुमति) है, लेकिन यह भी उतना ही सच है कि इस मुद्दे को एक बड़ी पीठ को भेजा गया है। हम कोई हिंसा नहीं चाहते हैं।


13 Dec 2019, 12:15 PM

पीस पार्टी ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दाखिल की

13 Dec 2019, 11:42 AM

भारी हंगामे के बाद लोकसभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित

भारी हंगामे के बाद लोकसभा और राज्यसभा दोनों की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।


13 Dec 2019, 11:16 AM

नागरिकता संशोधन अधिनियम: असम और देश के अन्य हिस्सों में चल रहे विरोध को लेकर स्थगन प्रस्ताव नोटिस

कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने लोकसभा में 'नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ असम और देश के अन्य हिस्सों में चल रहे विरोध' को लेकर स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया।

13 Dec 2019, 11:13 AM

दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह और राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद संसद पहुंचे


13 Dec 2019, 11:04 AM

टीएमसी की सांसद महुआ मोइत्रा ने नागरिकता संशोधन विधेयक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी

टीएमसी की सांसद महुआ मोइत्रा ने नागरिकता संशोधन विधेयक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। महुआ मोइत्रा के वकील ने याचिका पर तत्काल सुनवाई का आग्रह किया। सुप्रीम कोर्ट ने उनसे संबद्ध अधिकारी के पास जाने को कहा।

13 Dec 2019, 10:59 AM

निर्भया केस: पटियाला हाउस कोर्ट दोषियों के वकील को लगाई फटकार, निर्भया के वकील को कहा- सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने दें

निर्भया केस में पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान निर्भया के वकील ने कहा कि फांसी की तारीख तय होनी चाहिए। दया याचिका लगाने से डेथ वारेंट जारी होने का कोई लेना देना नहीं है। इस पर कोर्ट ने कहा कि पहले सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ जाने दीजिए, इसके बाद ही हम सुनवाई करेंगे। वहीं इस दौरान दोषियों के वकील एपी सिंह को भी जज ने फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि आप केस के दौरान कोर्ट में मौजूद नहीं होते हैं। आप इस मामले में कोई भी फैसला आने में देरी कर रहे हैं।


13 Dec 2019, 10:51 AM

निर्भया कांड: पीड़िता की मां बोलीं- जब हमने 7 साल तक लड़ाई लड़ी है, तो हम एक और सप्ताह इंतजार कर सकते हैं

2012 दिल्ली में निर्भया गैंगरेप मामले में पीड़िता की मां ने कहा कि जब हमने 7 साल तक लड़ाई लड़ी है, तो हम एक और सप्ताह इंतजार कर सकते हैं। 18 दिसंबर को उनके (मामले में दोषी) डेथ वारंट जारी किया जाएगा। दोषियों के डेथ वारंट जारी करने की मांग पर जज ने कहा कि मुझे सुप्रीम कोर्ट से जानकारी मिली है कि अक्षय की पुनर्विचार याचिका को स्वीकार कर लिया गया है और इस पर 17 दिसंबर को सुनवाई होगी। इसलिए सुनवाई को टाल दिया जाता है। अब इस मामले में 18 दिसंबर को सुनवाई होगी।

13 Dec 2019, 10:49 AM

पीएम मोदी ने 2001 के संसद हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी


13 Dec 2019, 10:43 AM

निर्भया केस, पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई टली, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद डेथ वारंट पर होगा विचार

निर्भया गैंगरेप मामले में दिल्ली की पटियाला कोर्ट में होने वाली आज की सुनवाई टल गई है। खबरों के मुताबिक पुनर्विचार याचिका की वजह से सुनवाई टली है, जो अक्षय ने लगाई है। सुप्रीम कोर्ट में 17 दिसंबर को सुनवाई है, जिसकी वजह से अब अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी।

13 Dec 2019, 10:31 AM

बीजेपी नागरिकता संशोधन बिल पर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करेगी

बीजेपी नागरिकता संशोधन बिल पर 14 से 18 दिसंबर तक दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता, गुवाहाटी और लखनऊ में जन-जागरूकता और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करेगी।


13 Dec 2019, 10:30 AM

नागरिकता बिल को कानून बनाने में मोदी सरकार ने इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई: मायावती

नागरिकता कानून पर मायावती ने ट्वीट कर कहा, “जैसा कि विदित है कि बीएसपी. ने नागरिकता संशोधन बिल का संसद के दोनों सदन में जबर्दस्त विरोध किया और इसके विरुद्ध वोट भी दिया। और इस बिल को पास कराने हेतु केन्द्र ने जितनी जल्दबाजी दिखाई है यदि उतनी ही इनको देश में महिला उत्पीड़न व रेप-मर्डर आदि पर अंकुश लगाने हेतु सख्त कानून बनाने पर भी दिखाई होती, तो यह बेहतर होता। जबकि इस सम्बन्ध में राज्यों को केवल पत्र लिखने की खानापूर्ति करने से इसका कोई सार्थक हल निकलने वाला नहीं है।”

13 Dec 2019, 10:23 AM

उत्तराखंड: भारी बर्फबारी से गंगोत्री-यमुनोत्री राजमार्ग बंद

उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के चलते गंगोत्री-यमुनोत्री राजमार्ग बंद और क्षेत्र में बर्फबारी के कारण सुवाखोली-मसूरी-देहरादून राजमार्ग अवरुद्ध हो गया।


13 Dec 2019, 10:21 AM

आरजेडी सांसद मनोज झा ने छोटी पार्टी को मिलने वाले कम वक्त पर फिर से विचार करने के लिए नोटिस दिया

आरजेडी सांसद मनोज झा ने राज्यसभा में जीरो आवर नोटिस दिया। संसद में छोटी पार्टी को मिलने वाले कम वक्त पर फिर से विचार करने के लिए नोटिस।

13 Dec 2019, 10:20 AM

राज्यसभा में टीडीपी सांसद रविंद्र कुमार ने जीरो आवर नोटिस दिया

राज्यसभा में टीडीपी सांसद रविंद्र कुमार ने जीरो आवर नोटिस दिया। निर्वाचित प्रतिनिधि के खिलाफ पेंडिंग क्रिमिनल केसों पर यह नोटिस।


13 Dec 2019, 10:10 AM

निर्भया गैंगरेप के वकील एपी सिंह ने पूछे सवाल

निर्भया गैंग रेप के वकील एपी सिंह बोले, संसद में बैठकर जब लोग बोलते हैं कि क्रिमिनल्स को मार देना चाहिए तो यह संविधान का अपमान है। क्या कोई गारंटी देता है कि इन्हें फांसी होने से रेप होना रुक जाएंगे?

13 Dec 2019, 10:09 AM

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 2001 के संसद हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी


13 Dec 2019, 9:42 AM

महंगाई पिछले तीन साल में उच्चतम स्तर, आम लोगों की जेबों पर कैंची चल रही है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री इस पर मौन हैं: प्रियंका गांधी

महंगाई को लेकर प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “महंगाई पिछले तीन साल में उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। रोज के इस्तेमाल का सामान लेने में ही आम लोगों की जेबों पर कैंची चल रही है। बीजेपी की कुनीतियों के चलते आई मंदी की वजह से आमदनी जीरो है। लेकिन देश के प्रधानमंत्री इस पर मौन हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि आम जन की समस्याओं से इतना कटा हुआ प्रधानमंत्री हिंदुस्तान के इतिहास में शायद ही कोई हुआ है।

13 Dec 2019, 9:19 AM

ब्रिटेन चुनाव में पार्टी के लिए भारी हार के रुझान के बाद जेरेमी कॉर्बिन ने इस्तीफे की घोषणा की

यूके मीडिया के मुताबिक, ब्रिटेन चुनाव में पार्टी के लिए भारी हार के रुझान के बाद जेरेमी कॉर्बिन ने लेबर पार्टी के नेता के रूप में अपने इस्तीफे की घोषणा की है।


13 Dec 2019, 9:16 AM

हिमाचल प्रदेश: भारी हिमपात के बाद कुफरी और नारकोंडा में नैशनल हाईवे 5 बंद

हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के बाद कुफरी और नारकोंडा में नैशनल हाईवे 5 बंद हो गया है।

13 Dec 2019, 9:00 AM

उत्तराखंड: अल्मोड़ा जिले के चौबटिया में बर्फबारी हुई

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के चौबटिया में बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने आज भारी हिमपात की चेतावनी दी है।


13 Dec 2019, 8:59 AM

हिमाचल प्रदेश: कूल्लू जिले के मनाली में भारी बर्फबारी हुई, देखें वीडियो

हिमाचल प्रदेश के कूल्लू और मनाली भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी का वीडियो सामने आया है, जहां साफ दिखाई दे रहा है कि बर्फ की मोटी चादर पड़ी हुई है।

13 Dec 2019, 8:37 AM

मध्य प्रदेश: भोपाल में आज घना कोहरा छाया हुआ है


13 Dec 2019, 8:36 AM

असम: डिब्रूगढ़ में आज सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई

असम में नागरिकता विधेयक को लेकर बवाल जारी है। गुवाहाटी में हजारों लोग कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए सड़क पर उतर आए और कई स्थानों पर स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को गोलियां भी चलानी पड़ी। गुवाहाटी और शिलॉन्ग में कर्फ्यू जारी है। जबकि असम के डिब्रूगढ़ में सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक के लिए कर्फ्यू में छूट दी गई है।

13 Dec 2019, 8:06 AM

आनंद विहार, पंजाबी बाग, लोधी रोड और इंडिया गेट सर्कल के आसपास हवा की गुणवत्ता बहुत खराब

सेंट्रल पलूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक आनंद विहार, पंजाबी बाग, लोधी रोड और इंडिया गेट सर्कल के आसपास हवा की गुणवत्ता बहुत खराब है। दिल्ली में कल रात से शुरू हुई भारी बारिश के बाद भी एयर पलूशन में बहुत हद तक सुधार नहीं हुआ है।


13 Dec 2019, 8:02 AM

हरियाणा: हिसार में बच्ची के मुंह पर कालिख पाेतकर क्लास में घुमाने का मामला, एक गिरफ्तार

हरियाणा के हिसार में बच्ची के मुंह पर कालिख पोतकर क्लास में घुमाने का मामले में एक को गिरफ्तार किया गया है। डिप्टी कमिश्नर एके मीणा ने कहा, “स्कूल को सील कर दिया गया है, छात्रों को अन्य निजी में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।”

13 Dec 2019, 8:01 AM

इंडोनेशिया के विदेश मंत्री रेटनो एलपी मार्सुडी भारत आ गए हैं

इंडोनेशिया के विदेश मंत्री रेटनो एलपी मार्सुडी भारत आ गए हैं। वह आज भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे।


13 Dec 2019, 7:55 AM

निर्भया कांड, आज पटियाला हाउस कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आरोपियों की होगी पेशी

निर्भया केस में हलचल तेज होती जा रही है। चारों दोषियों को शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दोषियों को पेश किया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia