केरल में LDF को बड़ा झटका, 21 में से 13 मंत्री चुनाव हारे, कई चौंकाने वाले नाम भी शामिल
अप्रत्याशित नतीजों में, लोकप्रिय कैबिनेट सदस्यों में गिने जाने वाले देवस्वोम मंत्री वी एन वासवन, कोट्टायम के एट्टुमानूर में कांग्रेस उम्मीदवार नट्टाकोम सुरेश से 19,752 वोट से हार गए।

केरल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली 21 सदस्यीय वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) कैबिनेट के तेरह सदस्य हार गए हैं।
राज्य की 21 मंत्रियों में से केवल मुख्यमंत्री, के. राजन (राजस्व), जी.आर. अनिल (नागरिक आपूर्ति), के. एन. बालगोपाल (वित्त), पी. प्रसाद (कृषि) और साजी चेरियन (सांस्कृतिक मामलों) ही विजयी हुए।
हारने वालों में स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज प्रमुख हैं, जो अरनमुला से तीसरी बार चुनाव लड़ रही थीं। जॉर्ज को एलडीएफ सरकार के अंतिम वर्ष में चिकित्सा लापरवाही की कथित घटनाओं को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। वह कांग्रेस उम्मीदवार अबिन वरकी से 18,985 वोट से हार गईं।
वरकी को 70,083 वोट मिले, जबकि जॉर्ज को 51,098 वोट मिले। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता कुम्मनम राजशेखरन 34,983 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अप्रत्याशित नतीजों में, लोकप्रिय कैबिनेट सदस्यों में गिने जाने वाले देवस्वोम मंत्री वी एन वासवन, कोट्टायम के एट्टुमानूर में कांग्रेस उम्मीदवार नट्टाकोम सुरेश से 19,752 वोट से हार गए।
शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने तिरुवनंतपुरम के नेमोम निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ कड़ी टक्कर दी, लेकिन 3,500 से अधिक वोट से हार गए।
एक और हाई-प्रोफाइल हार केरल कांग्रेस (बी) के नेता और परिवहन मंत्री के बी गणेश कुमार की थी, जिन्हें 2001 के बाद अपने चुनावी करियर में पहली बार हार का सामना करना पड़ा। वे कांग्रेस उम्मीदवार ज्योति कुमार चमाक्कला से 8,310 वोट से हार गए।
केरल कांग्रेस (एम) नेता एवं एलडीएफ मंत्री रोशी ऑगस्टीन को भी इडुक्की में करारी हार का सामना करना पड़ा, जहां वे कांग्रेस उम्मीदवार रॉय के पॉलोस से 23,822 वोट से हार गए।
एर्णाकुलम जिले के कलामस्सेरी में उद्योग मंत्री पी. राजीव को आईयूएमएल नेता वी. ई. अब्दुल गफूर से 16,312 वोट से हार का सामना करना पड़ा।
सीपीआई नेता और मंत्री जे. चिंचूरानी चदयामंगलम में कांग्रेस उम्मीदवार एम. एम. नसीर से 7,400 से अधिक वोट से हार गईं।
कांग्रेस (सेक्युलर) के वरिष्ठ नेता और मंत्री कदन्नप्पल्ली रामचंद्रन को कांग्रेस उम्मीदवार टी. ओ. मोहनन ने 18,530 से अधिक वोट से हराया।
मंत्री ओ. आर. केलू वायनाड के मनंथावडी में कांग्रेस उम्मीदवार उषा विजयन से 10,543 वोट से हार गए।
पीटीआई के इनपुट के साथ
