लोकतंत्र के पन्ने: कई ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह बना 1962 का लोकसभा चुनाव, कांग्रेस ने लगाई जीत की हैट्रिक

1962 में भारत में तीसरा लोकसभा चुनाव हुआ। कांग्रेस फिर सत्ता में आई। यह लगातार तीसरी बार था जब आम चुनाव में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिला था। जवाहरलाल नेहरू एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बने। चुनाव में कांग्रेस ने 494 सीटों में से 361 सीटें जीतीं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

1962 में भारत में तीसरा लोकसभा चुनाव हुआ। कांग्रेस फिर सत्ता में आई। यह लगातार तीसरी बार था जब आम चुनाव में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत मिला था। जवाहरलाल नेहरू एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बने। चुनाव में कांग्रेस ने 494 सीटों में से 361 सीटें जीतीं।

तीसरे आम चुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के खाते में 29 सीटें आई थीं। इस बार पार्टी ने पहले और दूसरे आम चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीटें जीती थीं। 1952 के पहले लोकसभा चुनाव में सीपीआई ने 16 सीटें और 1957 के दूसरे लोकसभा चुनाव में 27 सीटें जीती थीं।

इस बार 28 पार्टियां चुनावी मैदान में थीं। इस चुनाव में भारतीय जनसंघ ने 14 सीटें जीती थीं। स्वतंत्र पार्टी को भी 18 सीटें मिलीं थीं। तो वहीं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) इस चुनाव में सात सीटें जीतने में कामयाब रही। निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव में 20 सीटें जीती थीं। कुल सीटों की 60 फीसदी से ज्यादा सीटें कांग्रेस के खाते में गईं थी।

वहीं मुस्लिम लीग, अकाली दल, अखिल भारतीय हिंदू महासभा और राम राज्य परिषद की करारी हार हुई। हालांकि इस चुनाव में भारतीय जनसंघ का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर जरूर रहा। प्रजा सोशलिस्ट पार्टी भी 12 सीटें जीतने में कामयाब रही। इस चुनाव में मतदाताओं की संख्या में बढ़ेतरी हुई। कुल 55.42 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।

लोकसभा चुनाव के दो साल बाद 27 मई 1964 को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का देहांत हो गया था। उनकी जगह लाल बाहदुर शास्त्री को प्रधानमंत्री बनाया गया। लेकिन 19 महीने बाद ही उनका भी देहांत हो गया। जिसके बाद गुलजारी लाल नंदा अंतरिम प्रधानमंत्री बनाए गए। 1966 में आखिर में इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia