पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, केजरीवाल ने किया ऐलान
आम आदमी पार्टी ने पिछले साल अक्टूबर के महीने में ही लोकसभा सीट के लिए 5 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इन सीटों में संगरूर, फरीदकोट, होशियारपुर, अमृतसर और आनंदपुर साहिब शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की है कि पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। केजरीवाल रविवार को बरनाला शहर में एक रैली के साथ लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत करने के लिए पंजाब पहुंचे थे। केजरीवाल ने यहां से करीब 130 किलोमीटर दूर संगरूर में मीडिया से कहा, "लोग एक बदलाव चाहते हैं। वे मोदी सरकार से तंग आ चुके हैं। लोकसभा चुनाव में बीजेपी हार जाएगी।"
केजरीवाल ने पार्टी के पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिसमें सांसद भगवंत मान, विपक्ष के नेता हरपाल चीमा और विधायक अमन अरोड़ा शामिल थे। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने बीते साल अक्टूबर के महीने में लोकसभा सीट के लिए 5 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। ये सीटें हैं संगरूर, फरीदकोट, होशियारपुर, अमृतसर और आनंदपुर साहिब।
पंजाब से पार्टी के दो सांसद, धरमवीरा गांधी और हरिंदर खालसा, जिन्हें अगस्त 2015 में आम आदमी पार्टी से निलंबित कर दिया गया था, उन्हें अब तक पार्टी के उम्मीदवारों के रूप में नामित नहीं किया गया है। उनका निलंबन भी निरस्त नहीं किया गया है। पार्टी ने दो मौजूदा सांसदों भगवंत मान (संगरूर) और साधु सिंह (फरीदकोट) की उम्मीदवारी बरकरार रखी है।
आम आदमी पार्टी ने 2014 के आम चुनावों में पंजाब में 4 लोकसभा सीटें जीती थीं। 2014 में पार्टी उम्मीदवारों ने अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी अच्छा प्रदर्शन किया था। पार्टी उस चुनाव में देश में कहीं और एक भी लोकसभा सीट नहीं जीत सकी थी। पंजाब में 13 लोकसभा सीटें हैं। मार्च 2017 से राज्य में कांग्रेस सत्ता में है।
पार्टी ने पंजाब में पारंपरिक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के खिलाफ तीसरे विकल्प के रूप में बहुत सारी उम्मीदें दिखाई थीं, लेकिन पिछले दो वर्षों से पार्टी में अंदरूनी विवाद व विद्रोह की खबरें आती रही हैं। विधायक सुखपाल सिंह खैरा, एच.एस. फुल्का और बलदेव सिंह पार्टी छोड़ चुके हैं। फुल्का विधायक पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
- punjab
- Arvind Kejriwal
- आम आदमी पार्टी
- अरविंद केजरीवाल
- Aam Aadmi party
- पंजाप लोकसभा चुनाव
- पंजबा की लोकसभा सीटें
- Punjab Lok Sabha Seat