लोकसभा 2019: झारखंड महागठबंधन में सीटों का हुआ बंटवारा, 7 पर कांग्रेस और 4 सीटों पर जेएमएम लड़ेगी चुनाव

झारखंड में कांग्रेस रांची, खूंटी, लोहरदगा, सिंहभूम, हजारीबाग, धनबाद और चतरा सीटों से चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा दुमका, राजमहल, गिरिडीह और जमशेदपुर सीट झामुमो के खाते में आई है। कोडरमा और गोड्डा सीट झाविमो को दी गई है। आरजेडी के लिए पलामू की सीट छोड़ी गयी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

झारखंड में महागठबंधन के लिए लोकसभा सीटों का बंटवारा हो चुका है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने इस बात की पुष्टि की है। सीटों के बंटवारे को लेकर हेमंत सोरेन ने कहा, "झारखंड की 7 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, 4 सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा और 2 सीटों पर झारखंड विकास मोर्चा पार्टी चुनाव लड़ेगी।”

हेमंत ने यह भी बताया की आरजेडी ने अभी तक महागठबंधन को लेकर कुछ नहीं कहा है।हालांकि आरजेडी से इस विषय में लगातार बात की जा रही है और पलामू में सभी दल आरजेडी का समर्थन करने के लिए तैयार हैं।

झारखंड में कांग्रेस रांची, खूंटी, लोहरदगा, सिंहभूम, हजारीबाग, धनबाद और चतरा सीटों से चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा दुमका, राजमहल, गिरिडीह और जमशेदपुर सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा के खाते में आई है। कोडरमा और गोड्डा सीट झारखंड विकास मोर्चा को दी गई है। आरजेडी के लिए पलामू की सीट छोड़ी गयी है। सीटों के बंटवारे का ऐलान करते समय झामुमो के कार्यकारी अध्‍यक्ष हेमंत सोरेन के अलावा शिबू सोरेन, बाबूलाल मरांडी और झारखंड से कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ अजय कुमार भी मौजूद रहे। इस मीटिंग में आरजेडी की तरफ से कोई भी प्रतिनिधि मौजूद नहीं था।

बता दें कि झारखंड में इस समय भारतीय जनता पार्टी और एजेएसयू के गठबंधन की सरकार है। झारखंड में लोकसभा की कुल 14 सीटों पर 29 अप्रैल, 6 मई और 12 मई को कुल 4 चरणों (चौथे, पांचवे, छठे और सातवें ) में मतदान कराया जाएगा। 2014 में हुए पिछले लोकसभा चुनावों में झारखंड में भारतीय जनता पार्टी ने 12 सीटें जीते थीं। जबकि बाकी की 2 सीटें झारखंड मुक्ति मोर्चा के हिस्से में आईं थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */