LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, 993 रुपये बढ़ी गैस की कीमतें, चुनाव खत्म होते ही लगा महंगाई का झटका

देश में कमर्शियल LPG सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 3071 रुपये के पार पहुंच गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

देशभर में एलपीजी गैस की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। 1 मई 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलो) के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3000 रुपये के पार पहुंच गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

19 किलो सिलेंडर के दाम में बड़ा उछाल

सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 3071.50 रुपये हो गई है, जो 1 अप्रैल को 2078.50 रुपये थी। यानी एक महीने में ही 993 रुपये की सीधी बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों के चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद लागू की गई है।


होटल-रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड पर असर

कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड कारोबार पर पड़ेगा। गैस की लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी इजाफा होने की संभावना है। यानी बाहर खाना अब और महंगा हो सकता है।

घरेलू उपभोक्ताओं को राहत बरकरार

कमर्शियल गैस महंगी होने के बावजूद आम घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत दी गई है। 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अभी दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये बनी हुई है। आखिरी बार 7 मार्च 2026 को घरेलू गैस के दाम बढ़ाए गए थे।


अंतरराष्ट्रीय वजहों से बढ़ी कीमतें

गैस की कीमतों में इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण भी बताए जा रहे हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज स्ट्रेट का रास्ता प्रभावित हुआ है, जहां से भारत बड़ी मात्रा में तेल और गैस आयात करता है। सप्लाई में कमी और वैकल्पिक स्रोतों से महंगा आयात करने की मजबूरी के कारण लागत बढ़ी है, जिसका असर अब कीमतों में दिख रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia