मध्य प्रदेश: भोपाल में मूक-बधिर लड़कियों से हॉस्टल में रेप, कटनी में भी गर्भवती मिलीं लड़कियां

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूक-बधिर लड़कियों से रेप करने वाले एक निजी हॉस्टल के निदेशक को गिरफ्तार किया गया है। उस पर एक लड़की ने बलात्कार और दो ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। वहीं, कटनी के एक बालिका गृह में बालिकाएं गर्भवती पाई गई हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार के मुजफ्फरपुर और उत्तर प्रदेश के देवरिया के बाद अब मध्य प्रदेश के बालिका गृहों और महिला छात्रावासों में यौन शोषण का संगीन मामला सामने आया है। पहली घटना राजधानी भोपाल की है, जहां एक छात्रावास में रहने वाली मूक-बधिर युवतियों के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रावास संचालक को मूक-बधिर युवतियों के साथ दुराचार और छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब धार जिले की एक मूक-बधिर युवती ने अपनी आपबीती परिजनों को सुनाई, जिसके बाद परिजनों ने धार और इंदौर पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला भोपाल की अवधपुरी पुलिस को भेज दिया।

पुलिस के अनुसार भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र में अश्विनी शर्मा मूक-बधिर बालिकाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र चलाता है, जो शिवराज सरकार से अनुदान प्राप्त है। अश्विनी शर्मा कृतार्थ नाम से एक छात्रावास भी चलाता है, जिसमें प्रशिक्षण लेने आने वाली युवतियों के रहने का इंतजाम है। इसी हॉस्टल में रहने वाली धार की एक 20 साल की मूक-बधिर युवती ने छात्रावास संचालक पर उसके साथ कई बार दुराचार करने का आरोप लगाया। आदिवासी लड़की ने हॉस्टल संचालक पर बलात्कार, गलत तरीके से बंधक बनाने और आपराधिक धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने एक अनुवादक की मदद से शिकायत दर्ज करवाई है।

शर्मा पर हॉस्टल की ही दो अन्य लड़कियों ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़िताओं के अनुसार शर्मा हमेशा उन्हें धमकी देता था कि किसी को कुछ बताना मत, वरना वह उसे और उसके माता-पिता को मार देगा। दोनों लड़कियों ने गुरुवार को शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। बलात्कार और छेड़छाड़ की घटनाएं अक्टूबर 2017 से हो रही थीं, जिसके बाद लड़कियों ने हॉस्टल छोड़ दिया और अपने घर वापस चली गईं।

इससे पहले कटनी जिले में लिटिल स्टार फाउडेंशन द्वारा संचालित बालिका गृह से दो नाबालिग बालिकाओं के गायब होने का मामला सामने आया है। खबरों के अनुसार, बालिका गृह में रह रही कुछ बालिकाएं गर्भवती पाई गई हैं। 2 बालिकाओं के लापता होने की खबर सामने आने के बाद जब पुलिस हॉस्टल पहुंची तो प्रथम दृष्टया हॉस्टल में बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर लापरवाही की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 10 Aug 2018, 5:35 PM
/* */