'ऐश्वर्या जैसी खूबसूरत आंखें चाहिए तो रोज मछली खाएं', शिंदे सरकार के मंत्री विजयकुमार गावित के बयान पर बवाल

विजयकुमार गावित ने कहा क‍ि मछली खाने से दो फायदे होते हैं। अगर मह‍िला खाती है तो इससे चेहरा चमक उठता है। जो भी इसे देखेगा उसे यकीन हो जाएगा। क्या किसी ने ऐश्वर्या राय को देखा है?

फोटो: IANS
i

महाराष्‍ट्र के मंत्री विजयकुमार गावित के एक बयान से बवाल हो गया है। शिंदे-फडणवीस-पवार गठबंधन सरकार में मंत्री विजयकुमार गावित ने कहा है कि अभिनेत्री ऐश्वर्या राय हर दिन मछली खाती थीं। इसलिए उनकी आंखें और त्वचा खूबसूरत हैं। गावित ने लोगों से मछली खाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मछली खाने से आपकी आंखें भी खूबसूरत होंगी। विजयकुमार गावित महाराष्‍ट्र के नंदुरबार से बीजेपी नेता हैं और सरकार में आदिवासी विकास मंत्री का पद संभाल रहे हैं।

क्या है मामला?

दरअसल, धुले जिले के अंतुरली में आदिवासी मछुआरों को मछली पकड़ने की सामग्री वितरित करने के लिए एक कार्यक्रम चल रहा था। इस अवसर पर राज्य की शिंदे सरकार के जनजातीय विकास मंत्री डॉ. विजय कुमार गावित मछुआरों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक विवादित टिप्पणी की। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 


शिंदे के मंत्री ने क्या कहा?

विजयकुमार गावित ने कहा क‍ि मछली खाने से दो फायदे होते हैं। अगर मह‍िला खाती है तो इससे चेहरा चमक उठता है। जो भी इसे देखेगा उसे यकीन हो जाएगा। क्या किसी ने ऐश्वर्या राय को देखा है? उसने क्या खाया या नहीं, ऐश्वर्या राय बेंगलुरु से समुद्र के किनारे... वह हर दिन मछली खाती थी, उसकी आंखें कैसी हैं? आपकी भी होंगी। मछली खाने से एक फायदा यह है क‍ि हमारी त्वचा में चमक आती है। इसमें तेल है। इसका आंखों पर अच्छा प्रभाव पड़ता है। विजयकुमार गावित ने कहा कि मछली के तेल से शरीर की त्वचा अच्छी दिखती है।

कांग्रेस ने साधा निशाना

बयान पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अमोल मिटकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मंत्री को इस तरह की टिप्पणियां करने के बजाय आदिवासियों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, भाजपा विधायक नितेश राणे ने कहा कि मैं रोज मछली खाता हूं। मेरी आंखें वैसी हो जानी चाहिए थीं। मैं गावित साहब से पूछूंगा कि क्या इस पर कोई शोध है?

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए