महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ महिला कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, संसद का किया घेराव

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सदस्यों ने मंगलवार को महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सांकेतिक तौर पर संसद का घेराव किया।

फोटो: IANS
फोटो: IANS
user

नवजीवन डेस्क

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सदस्यों ने मंगलवार को महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सांकेतिक तौर पर संसद का घेराव किया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेता डिसूजा ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। जिसमें पुद्दुचेरी महिला कांग्रेस की प्रमुख और बॉलीवुड अभिनेत्री नगमा और दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन सहित महिला कांग्रेस की सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर सवार होकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार का विरोध किया औ जमकर नारेबाजी की।

दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष अमृता धवन ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आज आम आदमी खाद्य तेल, आलू, प्याज, टमाटर जैसे रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधिक कीमत चुका रहा है। उसके खिलाफ ये प्रदर्शन किया गया। महंगाई से हर वर्ग परेशान है और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। बेरोजगारी बढ़ रही है। इसके बावजूद केंद्र सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। बेरोजगारी और महंगाई पर लगाम लगाने में सरकार नाकाम साबित हो रही है।


वहीं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदर्शन के दौरान कहा, आज हर घर की महिमा के माध्यम से उठी आमजन की बुलंद आवाज को मोदी सरकार पुलिसिया कार्रवाई के दम पर नहीं दबा सकती है। आमजन की आवाज बनकर हम मोदी सरकार को आमजन की ताकत का एहसास जरूर करायेंगे।

गौरतलब है कि शीतकालीन सत्र में महिला कांग्रेस के संसद घेराव के बाद महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस आगामी 12 दिसंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली करने की तैयारी में जुटी है। जिसमें देशभर से पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं को शामिल लिया जायेगा। इससे पहले कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर देशभर में जन-जागरण अभियान चलाया था। जिसके माध्यम से पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जिला स्तर पर, ब्लॉक स्तर पर, आम जनता के बीच पहुंचे थे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia