'देश की जनता पर बोझ बढ़ा रही मोदी सरकार, LPG से ATF और दवाइयों तक महंगे', खड़गे का निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने LPG, ATF, दवाइयों और टोल महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सामरिक और आर्थिक नीति को नुकसान पहुंचाया गया है, जिसका सीधा असर 140 करोड़ भारतीयों पर पड़ रहा है। खड़गे ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) पोस्ट में कहा कि आज से रोजमर्रा की कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ने जा रहे हैं, जिससे आम जनता, किसान, मजदूर और MSME सेक्टर पर दबाव बढ़ेगा।

LPG से लेकर ATF तक, हर सेक्टर पर असर

खड़गे ने कहा कि कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़े हैं और जमीन पर इसकी भारी कमी भी देखी जा रही है। इसका असर ढाबों की चाय से लेकर मिड-डे मील जैसी योजनाओं तक पड़ रहा है।

इसके साथ ही एयर टर्बाइन ईंधन (ATF) महंगा होने से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “हवाई चप्पल से हवाई यात्रा” अब और मुश्किल हो गई है और सरकार ने प्राइस कैप भी हटा दिया है।


दवाइयों, टोल और सेवाओं पर बढ़ा बोझ

कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, 900 से ज्यादा जरूरी दवाइयों के दाम बढ़ गए हैं, जिससे इलाज का खर्च बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोनरी स्टेंट की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।

इसके अलावा टोल टैक्स में इजाफा होने से आम लोगों को ज्यादा भुगतान करना पड़ेगा। उन्होंने इसे “हाईवे रॉबरी” करार दिया और कहा कि स्पीड पोस्ट सेवाओं में भी 34% तक की बढ़ोतरी की गई है।

कृषि और निर्माण क्षेत्र पर दबाव

खड़गे ने अपने पोस्ट में कहा कि प्लास्टिक, स्टील और सिरेमिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी का असर व्यापक होगा। किसानों के लिए PVC पाइप महंगे हो गए हैं, जबकि बिटुमेन की कीमत में 50% तक की बढ़ोतरी से निर्माण क्षेत्र पर भारी दबाव पड़ेगा।


सरकार पर गंभीर आरोप

 उन्होंने आरोप लगाया कि जब आम जनता, किसान और MSME सेक्टर राहत की उम्मीद कर रहे हैं, तब सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। खड़गे ने कहा कि भाजपा नेतृत्व का ध्यान जनता को राहत देने के बजाय “लूटने और आपदा में डाका डालने” पर केंद्रित है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia