मौसम अपडेट: कहां चढ़ेगा पारा, कहां बरसेंगे बादल? दिल्ली, यूपी, बिहार और MP समेत जानिए देशभर का हाल

मार्च की शुरुआत में ही देश के कई राज्यों में तापमान 38-40°C तक पहुंच गया है। दिल्ली-यूपी में तेज गर्मी, जबकि बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट है।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत में ही गर्मी तेज होती नजर आ रही है। राजधानी दिल्ली से लेकर पटना, लखनऊ, जयपुर और भोपाल तक तापमान बढ़ने से लोगों को दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है।

कई शहरों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे मौसम को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 72 घंटों में देश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम के बीच बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

पूर्वोत्तर राज्यों में 9 से 11 मार्च के बीच मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं और बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में तेज धूप

दिल्ली-एनसीआर में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिन के समय तेज धूप महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है।

आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम फिलहाल साफ और शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि हल्की हवाओं से थोड़ी राहत मिल सकती है।

यूपी, राजस्थान और मध्य भारत में बढ़ता पारा

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। आगरा, झांसी और बुंदेलखंड के कई इलाकों में पारा 38 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। फिलहाल पश्चिमी और मध्य यूपी में मौसम सूखा रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है। राजस्थान के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि मध्य प्रदेश के कई शहरों में पारा 35 से 38 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है।


बिहार और पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलने के संकेत

बिहार में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। सीमांचल के पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया और मुंगेर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उधर, पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बदल सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बादल छाने, हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर में भी अगले दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia