CAA: मेरठ SP के वीडियो पर घिरी BJP सरकार, मायावती बोलीं- हो कार्रवाई, नकवी ने कहा- अगर ये सही तो लिया जाए एक्शन

बीएसपी प्रमुख मायावती ने कहा कि ऐसे सभी पुलिस कर्मियों की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच होनी चाहिए और दोषी होने के सही सबूत मिलने पर फिर उनको तुरंत नौकरी से बर्खास्त करना चाहिए। बीएसपी की यह मांग है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

उत्तर प्रदेश के मेरठ के एसपी सिटी के वायरल वीडियो पर बवाल जारी है। वीडियो में एसपी सिटी ने मुस्लिम प्रदर्शनकारियों से कहा था कि जिसे यहां नहीं रहना है वह पाकिस्तान चले जाएं। एसपी सिटी के इस बयान की चारों तरफ कड़ी आलोचना हो रही है। एसपी सिटी पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। बीएसपी प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर कहा, “उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में वर्षों से रह रहे मुसलमान भारतीय हैं ना कि पाकिस्तानी अर्थात CAA/NRC के विरोध-प्रदर्शन के दौरान खासकर उत्तर प्रदेश के मेरठ SP सिटी द्वारा उनके प्रति साम्प्रदायिक भाषा/टिप्पणी करना अति निन्दनीय और दुर्भाग्यपूर्ण।”

मायावती ने आगे कहा, “ऐसे सभी पुलिस कर्मियों की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच होनी चाहिए और दोषी होने के सही सबूत मिलने पर फिर उनको तुरंत नौकरी से बर्खास्त करना चाहिए। बीएसपी की यह मांग है।”

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एसपी सिटी की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने ट्वीट कर कहा था, “भारत का संविधान किसी भी नागरिक के साथ इस भाषा के प्रयोग की इजाजत नहीं देता और जब आप अहम पद पर बैठे अधिकारी हैं तब तो जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। बीजेपी ने संस्थाओं में इस कदर साम्प्रदायिक जहर घोला है कि आज अफसरों को संविधान की कसम की कोई कद्र ही नहीं है।”


वहीं, इस मामले में बीजेपी बैकफुट पर आ गई है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “अगर यह सच है कि एसपी ने वीडियो में यह बयान दिया है, तो यह निंदनीय है। उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर हिंसा, पुलिस द्वारा हो या भीड़ द्वारा यह अस्वीकार्य है। यह लोकतांत्रिक देश का हिस्सा नहीं हो सकता। पुलिस को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जो निर्दोष हैं, वे पीड़ित न हों।”

गौरतलब है कि शनिवार को मेरठ के एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का एक वीडियो सामने आया था। यह वीडियो 20 दिसंबर का है। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों से एसपी सिटी यह कह रहे हैं जो लोग काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन कर रहे हैं वह पाकिस्तान चले जाएं। सिटी एसपी को वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है , “खाओगे कहीं का और गाओगे कहीं का, आपके फोटो ले लिए गए हैं, लोगों की पहचान हो गई है, गली में कुछ हो गया तो तुम लोग कीमत चुकाओगे।”

एसपी सिटी के इसी बयान पर बवाल मचा हुआ है और उनके ऊपर कार्रवाई की मांग की जा रही हैं। वीडियो के सामने आने के बाद एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने भी यह स्वीकार किया था कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पाकिस्तान जाने के लिए कहा था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 29 Dec 2019, 12:13 PM