मध्य पूर्व संकट का असर: दुबई-अबू धाबी के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानें रद्द
मध्य पूर्व संकट के बीच UAE एयरस्पेस पाबंदियों से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानें रद्द हो गई हैं। दुबई-अबू धाबी रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर साफ दिखाई देने लगा है। कई देशों द्वारा अपने एयरस्पेस पर पाबंदियां लगाने या उसे बंद करने के कारण वैश्विक उड़ानों का शेड्यूल बुरी तरह प्रभावित हुआ है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की एयरपोर्ट अथॉरिटी के नए निर्देशों के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा है, जिससे भारत और यूएई के बीच यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए हैं।
एयरलाइन कंपनियों के अनुसार 15 मार्च 2026 के लिए निर्धारित कई ‘एड-हॉक’ उड़ानों को रद्द किया गया है। अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं और कई लोग एयरपोर्ट और शहरों में फंसे हुए हैं।
दुबई रूट पर ज्यादातर उड़ानें रद्द
एयर इंडिया ने बताया कि दुबई एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देशों के कारण उसे अपनी उड़ानों की संख्या कम करनी पड़ी है। दिल्ली-दुबई मार्ग पर अब केवल एक रिटर्न फ्लाइट ही संचालित होगी, जबकि निर्धारित पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है।
इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई के लिए निर्धारित छह उड़ानों में से पांच रद्द कर दी गई हैं। फिलहाल केवल एक दिल्ली-दुबई रिटर्न फ्लाइट ही संचालित की जाएगी। इसके अलावा अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
कुछ रूटों पर सीमित उड़ानें जारी
हालांकि कुछ गंतव्यों के लिए सीमित उड़ानों को जारी रखने की योजना बनाई गई है। शारजाह के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम से उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। वहीं रास अल खैमाह के लिए कोझिकोड और कोच्चि से उड़ानें प्रस्तावित हैं।
यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि इन उड़ानों का संचालन भी स्लॉट की उपलब्धता और परिचालन की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।