'मोदी जी, दिखावा छोड़िए और पेपर लीक माफिया पर वार करिए', राहुल गांधी ने पूछा- अगला प्रतिबंध व्हाट्सएप पर लगाएंगे?
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘और यह फूलप्रूफ भी नहीं है, यह देश का हर छात्र जानता है, और पेपर लीक माफ़िया भी। फिर अगला प्रतिबंध किसपर लगाएंगे? व्हाट्सएप पर?’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा है। राहुल गांधी ने टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के सरकार के कदम पर सवाल खड़े करते हुए बुधवार को कहा कि पेपर लीक होने से रोकने के लिए चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के घर पर ताला लगाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिखावा छोड़कर पेपर लीक माफिया पर वार करना चाहिए।
नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले, सरकार ने मंगलवार को भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल पर 22 जून तक के लिए अस्थायी रोक लगा दी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) का कहना है कि यह कदम नकल कराने वाले रैकेट और गलत जानकारी से निपटने के लिए उठाया गया है।
अब यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘टेलीग्राम पर प्रतिबंध मोदी सरकार का पेपर लीक रोकने का नया नुस्खा है। यानी चोर को पकड़ने के बजाय, पीड़ित के घर पर ताला लगा दो। ’’
उनका कहना है कि लाखों छात्र सालों से टेलीग्राम पर पढ़ते हैं, नोट्स, टेस्ट सीरीज़, डिस्कशन... हर तरह से तैयारी करते हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि वह सुविधा छीन लेना पेपर लीक का समाधान कैसे हुआ?
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘और यह फूलप्रूफ भी नहीं है, यह देश का हर छात्र जानता है, और पेपर लीक माफ़िया भी। फिर अगला प्रतिबंध किसपर लगाएंगे? व्हाट्सएप पर?’’
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘परीक्षा के दिन छात्रों की तलाशी होगी। जेबें कैंची से काटी जाएंगी। प्रश्नपत्र वायुसेना के विमानों से भेजे जाएंगे। दिखावे की कोई कमी नहीं होगी। लेकिन बीमारी की जड़ पर एक वार भी नहीं, क्योंकि पेपर लीक माफ़िया इसी सरकार की देख-रेख में फल-फूल रहा है, और युवाओं को खून के आंसू रुला रहा है।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मोदी जी, दिखावा छोड़िए। माफ़िया पर वार कीजिए, छात्र पर नहीं। ‘छात्रों की गूंज’ सुन लीजिए, वरना देश का युवा अपना हक़ लेना जानता है।’’
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
