'नागपुर सीट अब बीजेपी का नहीं, हमारा गढ़ है', विधान परिषद चुनाव में जीत के बाद अभिजीत वंजारी का दावा
कांग्रेस नेता वंजारी ने बेहद करीबी मुकाबले में नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट को बरकरार रखा है। इससे पहले 40 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद वंजारी को विधान परिषद चुनाव में विजेता घोषित किया गया।

कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नहीं, बल्कि कांग्रेस और महा विकास आघाडी (एमवीए) का गढ़ बन गया है।
कांग्रेस ने बीजेपी को 3271 वोटों से दी मात
कांग्रेस नेता वंजारी ने बेहद करीबी मुकाबले में नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट को बरकरार रखा है। इससे पहले 40 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद वंजारी को विधान परिषद चुनाव में विजेता घोषित किया गया। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और पूर्व विधायक सुधाकर कोहले को 3,271 मतों से हराकर सीट बरकरार रखी। यह सीट पारंपरिक रूप से भाजपा का गढ़ रही है। वंजारी को 67,231 वोट मिले, जबकि कोहले को 63,960 वोट प्राप्त हुए।
जीत के बाद वंजारी का ऐलान
जीत के बाद अपने आवास पर वंजारी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव अन्य चुनाव से अलग होते हैं क्योंकि यहां के मतदाता शिक्षित होते हैं और वे समझते हैं कि विधान परिषद में उनके चुने गए प्रतिनिधियों से किस तरह के काम की उम्मीद की जाती है।
उन्होंने कहा कि मतदाता इस बात से अवगत थे कि कांग्रेस ने पिछले छह वर्षों में क्या काम किया है और चुनाव के नतीजे उन्हीं प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अगले छह वर्षों में भी इसी तरह के कार्यक्रम जारी रखने का इरादा रखते हैं।’’
बीजेपी के धुंआधार प्रचार करने, नागपुर के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का गृह क्षेत्र होने तथा यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय होने के बारे में पूछे जाने पर वंजारी ने कहा कि बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के बजाय उन्हें निशाना बनाकर प्रचार किया।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बीजेपी ने पूरा चुनाव उनके इर्द-गिर्द लड़ा।
वंजारी ने कहा, ‘‘बीजेपी के कई नेताओं ने दावा किया था कि उन्होंने लाखों स्नातकों का पंजीकरण कराया है, लेकिन ये दावे पूरी तरह से झूठे थे। वहीं दूसरी ओर, हमने कभी अपने आंकड़ों को सार्वजनिक नहीं किया और न ही प्रेस के साथ साझा किया। हमारा पूरा ध्यान अपने मतदाताओं पर था और इसी वजह से हम चुनाव जीत पाए।’’
उन्होंने कहा कि अब यह निर्वाचन क्षेत्र बीजेपी का गढ़ नहीं रहा और कांग्रेस ने पिछले चुनाव की तरह ही अपनी ऐतिहासिक जीत को दोहराया है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
