'अन्याय के सामने कभी झुकना नहीं', खड़गे-राहुल ने गांधी जयंती पर उनके सिद्धांतों पर अडिग रहने का संकल्प लिया

खड़गे ने कहा, ‘‘आज जब उनके विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।’’

खड़गे, राहुल ने महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि दी; उनके सिद्धांतों पर अडिग रहने का संकल्प लिया
i

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतपिक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सिद्धांतों पर अडिग रहने का संकल्प लिया। खड़गे और राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर बापू की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पोस्ट में क्या लिखा?

खड़गे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को अन्याय के खिलाफ सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाने वाले महात्मा गांधी ने न केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा, ‘‘आज जब उनके विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।’’


राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने कहा कि सत्य, अहिंसा और निर्भयता महात्मा गांधी की सबसे बड़ी विरासत हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘उन्होंने सिखाया कि अन्याय के सामने कभी नहीं झुकना और सत्य, अहिंसा के साथ डटे रहना ही सच्ची ताकत है।’’

महात्मा गांधी का जन्म दो अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में हुआ था। उन्होंने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। गांधी के नेतृत्व में असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन जैसे आंदोलनों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ व्यापक जनभागीदारी को आकार दिया। उनके विचारों से दुनिया भर में कई आंदोलनों को प्रेरणा मिली।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए