भीमा-कोरेगांव विवाद: कल की हिंसा के बाद आज महाराष्ट्र बंद, नहीं चलीं स्कूल बसें, लोकल ट्रेनें रोकी गईं

महाराष्ट्र में कल की हिंसा के बाद आज महाराष्ट्र में बंद का आव्हान किया गया है। इसके तहत मुंबई में डिब्बा वालों और स्कूल बसें बंद हैं। साथ ही कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने लोकल ट्रेनों को रोका है।

वीडियो ग्रैब
वीडियो ग्रैब
user

नवजीवन डेस्क

भीमा-कोरेगांव युद्ध की जयंती पर भड़की चिंगारी पूरे महाराष्ट्र में फैल चुकी है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की जान गई थी, जिसके बाद हिंसा पुणे के बाद मुंबई तक फैल गई। महाराष्ट्र सरकार ने मामले की ज्यूडिशियल जांच के आदेश दिए हैं। हिंसा के कारण आज को भी सामान्य जीवन पर असर दिख सकता है। आज कई गुटों ने महाराष्ट्र बंद का ऐलान किया है।

इस वीडियो में देखें लोकल ट्रेनें रोकते प्रदर्शनकारी

जिन गुटों ने बंद का ऐलान किया है उनमें मुंबई के मशहूर डब्बावाले भी हैं, उन्होंने अपने ग्राहकों से खुद अपना टिफिन लाने को कहा है। इसके मुंबई की करीब 40 हजार स्कूल बसे भी नहीं चलेंगी। मुंबई, ठाणे समेत राज्य के कई इलाकों में प्रदर्शन हो रहे हैं। ठाणे में प्रशासन ने 4 जनवरी तक 144 धारा लगा दी है।

यह हैं ताजा अपडेट्स:

  • मुंबई के वर्ली में दो बसें तोड़ी गईं। घाटकोपर,मुलुडं और नवी मुंबई में बस रोकने की कोशिश की गई। कई बसों की हवा निकाल देने की खबर है।
  • मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन ने बुधवार को मुंबई में डिलीवरी सर्विस देने से मना कर दिया है। यह जानकारी एसोसिएशन के चीफ सुभाष तेलकर ने दी। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट में परेशानी की वजह से वक्त पर टिफिन पहुंचाने में दिक्कत होगी।"
  • मुंबई के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घाटकोपर और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर चौकसी बरती जा रही है।
  • ठाणे रेलवे स्टेशन पर आंदोलनकारियों ने ट्रेन को रोका।
  • स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन के अफसर अनिल गर्ग ने कहा- " हम आज स्कूल बस नहीं चलाएंगे। हम बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं उठा सकते। आगे हालात को देखते हुए फैसला लिया जाएगा।" हालांकि, राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टी का एलान नहीं किया है।
  • महाराष्ट्र के ठाणे में 4 जनवरी की आधी रात तक 144 धारा लगाई गई।
  • बीआर अम्बेडकर के पोत्र और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश अम्बेडकर ने महाराष्ट्र बंद का एलान किया। मुंबई के पास चेम्बूर इलाके में मार्केट बंद रहा ।
  • आज के बंद को देखते हुए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से बचने के लिए दूसरे रूट्स से जाने की सलाह दी। खास तौर से ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर रमाबाई आंबेडकर नगर, छेड़ा नगर और कामराज नगर से होकर नहीं जाने का सुझाव दिया गया है।

उधर शुरुआती जांच में हिंसक झड़पों में भगवा झंडा लिए लोगों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। लेकिन पुलिस का कहना है कि विवाद 29 दिसंबर की रात से शुरू हुआ था।

मंगलवार को मुंबई के अलावा, हड़पसर व फुरसुंगी में सरकारी और प्राइवेट बसों पर पथराव किया गया। महाराष्ट्र परिवहन की लगभग 134 बसों को नुकसान पहुंचा है। हिंसा की वजह से औरंगाबाद और अहमदनगर के लिए बस सेवा रद्द कर दी गई थी।

प्रदर्शन की वजह से मुंबई के ईस्टर्न हाइवे भी कई घंटों तक जाम रहा। डीजीपी गणेश शिंदे ने बताया कि भीमा-कोरेगांव में हुई हिंसा के मामले में पुणे के पिंपरी पुलिस स्टेशन में 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.

हर वर्ष, नए साल के मौके पर महाराष्ट्र और अन्य जगहों से हजारों की संख्या में पुणे के परने गांव में दलित पहुंचते हैं, यहीं वो जयस्तंभ है, जिसे अंग्रेजों ने उन सैनिकों की याद में बनवाया था, जिन्होंने इस लड़ाई में अपनी जान गंवाई थी। कहा जाता है कि साल 1927 में डॉ. भीमराव अंबेडकर इस मेमोरियल पर पहुंचे थे, जिसके बाद से अंबेडकर में विश्वास रखने वाले इसे प्रेरणा स्त्रोत के तौर पर देखते हैं.

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 03 Jan 2018, 8:47 AM